खरसिया। कैलाश शर्मा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत खरसिया के वार्ड क्रमांक-14 के चार आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत हुए इस कार्यक्रम का केंद्रबिंदु जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन बहनों की वह अटूट लगन, कड़ी मेहनत और सेवा-भाव रहा, जिसके बल पर वे नौनिहालों को शुरुआती शिक्षा के साथ जीवन के शुरुआती संस्कार दे रही हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज की उस अदृश्य और मजबूत धुरी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन बहनों—के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करना और उनका अभिनंदन करना था, जो हर घर तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का अलख जगा रही हैं।
प्रतियोगिताओं से सजी महफिल
उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों और महिलाओं के लिए कई आकर्षक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं संस्कार और ममता की झलक – नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराकर उन्हें अन्न के प्रति आदर सिखाया गया और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी परंपरा के साथ निभाई गई। इस दौरान एक नन्हे बच्चे का जन्मदिन भी आंगनबाड़ी परिवार द्वारा धूमधाम से मनाया गया।
प्रोत्साहन और कला मातृ एवं बाल सुरक्षा
बच्चों के खेलकूद आयोजनों के साथ-साथ महिलाओं के लिए मेहंदी कला प्रतियोगिता कराई गई। विजेताओं को कॉपी-पेन जैसी पठन-सामग्री भेंट कर उनके भीतर आगे बढऩे की ललक को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर माताओं को जागरूक किया गया। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, और नौनी सुरक्षा योजना के प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया। स्वास्थ्य एवं भविष्य – गर्भवती व शिशुवती महिलाओं के पोषण स्तर की जानकारी देने के साथ-साथ सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन की सहज प्रक्रिया बताई गई। चारों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, मोहल्ले की माताओं-बहनों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में संपन्न यह आयोजन न केवल उनके अमूल्य योगदान का अभिनंदन बना, बल्कि उनके सेवा-संकल्प को और अधिक प्रगाढ़ कर गया। कार्यक्रम का समापन वार्ड की माताओं, बहनों और जमीनी स्तर पर निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रहीं कर्मठ कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक उत्साहपूर्ण और सकारात्मक माहौल में हुआ। यह आयोजन इस बात का प्रमाण रहा कि जब शासन की नीयत और मैदानी कार्यकर्ताओं की मेहनत मिलती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की बयार स्वत: बहने लगती है।
संस्कार और शिक्षा की पाठशाला – आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मेहनत
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण आहार वितरण का केंद्र नहीं हैं, बल्कि यह बच्चों के मानसिक विकास और उन्हें संस्कारी नागरिक बनाने की पहली पाठशाला हैं। मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. श्रवण श्रीवानी, पार्षद रेखा कैथलिया और भाजपा प्रवक्ता कैलाश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, सुबह से लेकर शाम तक अपने घरों की जिम्मेदारियों को पीछे छोडक़र, बच्चों को वर्णमाला पढ़ाने से लेकर उन्हें स्वच्छता, अनुशासन और अच्छे संस्कारों की सीख देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सही मायनों में समाज की रीढ़ हैं। उनकी यही लगन और निष्ठा देश के भविष्य को मजबूत बना रही है।

