अंग्रेजी शराब दुकान से 15 हजार कैश पार

महंगी शराब की बोतलें ले गए चोर, तलाश में जुटी पुलिस

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी हुई है। अज्ञात चोर दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोडक़र अंदर घुसे। इसके बाद काउंटर में रखे करीब 15 हजार रुपए कैश, कैमरे का डीव्हीआर और महंगी शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी विनोद प्रजापति (32) चक्रधर नगर क्षेत्र की अंग्रेजी शराब दुकान में सुपरवाइजर है। उसने पुलिस को बताया कि दिनभर शराब की बिक्री के बाद रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अंदर हिसाब-किताब कर रहे थे।
इसके बाद रात करीब 11 बजे गोदाम और दुकान के बाहर के शटर में ताला लगाकर सभी अपने घर चले गए। अगले दिन सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब वह दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर गया तो गोदाम की कुंडी की तरफ की दीवार टूटी हुई मिली।
जांच करने पर पता चला कि काउंटर के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपए गायब थे। काउंटर में लगा कैमरे का डीव्हीआर भी नहीं मिला। दुकान में सामान और शराब की पेटियां बिखरी हुई थीं। गोदाम में रखे लॉकर की दीवार भी टूटी मिली, हालांकि चोर लॉकर तोडऩे में सफल नहीं हो सके। शराब की बोतलों की जांच करने पर 100 पाइपर की दो और वैलेंटाइन की एक बोतल गायब मिली। दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा भी टूटा हुआ था। सुपरवाइजर ने आशंका जताई कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए थे। दुकान से कैश और महंगी शराब की बोतलों समेत करीब 26 हजार रुपए का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Share This Article