सारंगढ़, रायगढ़। जिले के बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत धाराशिव बीट के कक्ष क्रमांक 446 में एक तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृत तेंदुए की उम्र करीब 12 साल बताई जा रही है। शव मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विभाग ने पोस्टमार्टम कराने के साथ साक्ष्य जुटाने और आसपास के क्षेत्र की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की दो टीमें लगाई हैं।
वन विभाग को क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और उनकी आवाजाही की सूचना मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम जंगल में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कक्ष क्रमांक 446 में तेंदुए का शव दिखाई दिया। टीम ने तत्काल उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंडलाधिकारी पुष्पलता टंडन टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वन विभाग ने मामले की जांच के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की। टीम ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। वहीं, संभावित साक्ष्य जुटाने और आसपास के क्षेत्र की पड़ताल के लिए डॉग स्क्वायड की दो टीमों को सर्चिंग में लगाया गया है। वन विभाग के अधिकारी जंगल और आसपास के इलाकों में जांच कर रहे हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। तेंदुए का शव करीब 48 घंटे बाद वन विभाग की टीम को मिला। वह भी उस समय, जब विभागीय अमला हाथियों की मौजूदगी को लेकर जंगल में सर्चिंग कर रहा था। ऐसे में वन क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जंगल में नियमित गश्त के बावजूद इतने बड़े वन्यजीव की मौत की जानकारी विभाग को समय रहते क्यों नहीं मिल पाई।
डीएफओ पुष्पलता टंडन ने इन सभी पहलुओं की जांच कराने की बात कही है। हालांकि, गश्त में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग ने विधि-विधान से तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, किसी अन्य वजह से या फिर उसकी हत्या की गई। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पता चल सकेगा।
जंगल में 48 घंटे बाद मिला तेंदुए का शव
बिलाईगढ़ में हाथियों की तलाश के दौरान वन विभाग को दिखा

