रायगढ़। रायगढ़ के सुभाष नगर बंगाली पारा में दीपावली की रात मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। यहां हर साल दीपावली पर मां काली की पूजा की जाती है। इस दौरान 5 दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होते हैं। मां काली की पूजा के लिए करीब एक सप्ताह पहले से तैयारियां की जा रही थीं। रविवार रात करीब 12 बजे काली मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ मां की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके बाद फूल-माला, सिंदूर और दीप जलाकर पूजा-अर्चना की गई। समाज के लोगों ने रातभर जागरण किया। इस दौरान महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। अगले दिन पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोला। सुबह से ही मंदिर में मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है।
आयोजन के तहत सोमवार को धुनची कार्यक्रम होगा। वहीं मंगलवार को बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें समाज और आसपास के क्षेत्र के बच्चे हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
मां काली युवा समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन के दौरान हर दिन मां को भोग लगाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद भी बांटा जा रहा है। इसके साथ ही महाभंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचेंगे। शुक्रवार को विधि-विधान से मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आयोजन की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी जाती हैं। इस बार मां काली की प्रतिमा कोतरा रोड से लाई गई है। पंडाल और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक झालरों, लाइटों और अन्य सजावटी सामान से सजाया गया है।
दीपावली की रात मां काली की पूजा-अर्चना
बंगाली पारा में 5 दिन तक धार्मिक आयोजन

