धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह धरमजयगढ़ पहुंचे। आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज में उत्साह है। जनजातीय समाज के प्रदेश अध्यक्ष सतनारायण सिंह ने बताया कि समारोह में प्रदेशभर के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें एक से सवा लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के भी शामिल होने की संभावना है।
सतनारायण सिंह ने बताया कि साल 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव सम्मान की शुरुआत की थी। इसके बाद से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों का गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन उन्हें पहले उचित स्थान नहीं मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद जनजातीय समाज के महापुरुषों को सम्मानित करने का अवसर मिला है। सतनारायण सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा के नाम से जाना जाता है। उन्होंने महज 25 साल की उम्र में क्रांति की शुरुआत की थी। उनकी जयंती पर ही जनजातीय गौरव दिवस का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन से जुड़े लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की।

Share This Article