खरसिया। ग्राम तिऊर में 23 अक्टूबर से आयोजित इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में वृंदावन धाम से पधारीं कथा व्यास परम पूज्या देवी मीनू लाडली दीदी अपनी सुमधुर और भावपूर्ण वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करा रही हैं। उनकी सरल एवं सहज शैली से पूरा पंडाल भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। कथा के माध्यम से वे धर्म, सेवा और उच्च संस्कारों का संदेश जन-जन तक पहुँचा रही हैं। खरसिया के लोकप्रिय समाजसेवी, साहू समाज किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छाया विधायक महेश साहू ने ग्राम तिऊर पहुंचकर श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में शिरकत की पूरी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया और कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्तिमय वातावरण में गूंजी वृंदावन धाम की कथा प्रमुख आयोजक एवं गणमान्य जनों की उपस्थिति इस भव्य धार्मिक आयोजन के आयोजक श्रीमती ईश्वरी साहू, कलाराम साहू एवं डॉ. मनोज साहू हैं। कार्यक्रम के दौरान छाया विधायक महेश साहू के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शिवकी साहू, कैलाश शर्मा, रिंकू महंत (महामंत्री, खरसिया नगर मंडल), नितेश बरेठ, गजेन्द्र साहू, भुनेश्वर सिंदार, और कमलेश साहू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सहभागिता निभाते हुए कथा का आनंद लिया।
संस्कृति और सद्भाव का सशक्त माध्यम महेश साहू
कथा श्रवण के पश्चात छाया विधायक महेश साहू ने आयोजकों और यजमान श्रीमती कविता अंकुर साहू परिवार को इस पुण्य कार्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस पुनीत आयोजन के सफल संचालन के लिए श्रीमती शिव कुंवर साहू, श्रीमती ईश्वरी-कलाराम साहू एवं समस्त सहपरिवार जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साधुवाद दिया गया है। कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में इन दिनों हर्षोल्लास और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।

