खरसिया। कैलाश शर्मा। ग्रामीण क्षेत्र की निर्भीक पत्रकारिता के मजबूत स्तंभ और सादगी भरे व्यक्तित्व के धनी पत्रकार गोपाल कृष्ण नायक ‘देहाती’ का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके असमय चले जाने से क्षेत्र के पत्रकारिता जगत और ग्रामीण समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। इनकी अंतिम यात्रा में खरसिया विधायक उमेश नंदकुमार पटेल एवं साहू समाज के
जिला अध्यक्ष व छाया विधायक महेश साहू एवं उनके परम मित्र – कन्हैया पटेल, प्रद्युमन पटैल ,राकेश पटैल , लक्ष्मी पटेल, राजू नायक , बिट्टू बंजारा व दर्जनों पत्रकार साथी, शुभचिंतक रिश्तेदार एवं सैकड़ो की तादाद में गाँव वालों ने सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। गोपाल नायक मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति के इंसान थे राजनीति हो या पत्रकारिता हर क्षेत्र के लोग इनको पसंद किया करते थे।‘देहाती’ उपनाम को अपनी पहचान और स्वाभिमान मानने वाले गोपाल कृष्ण नायक ने हमेशा गांव, गरीब और किसान की आवाज को बेबाकी से उठाया। जमीनी मुद्दों को निष्पक्षता और निडरता के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष रखना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता थी। अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वे सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। ?उनके असमय निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए ‘पत्रकार जगत खरसिया’ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पत्रकार राजेश शर्मा, नैना वैष्णव, गोपाल शर्मा, टंकेशवर राठौर, कैलाश शर्मा और प्रहलाद बंसल, जगदीश मित्तल, विद्या चौहान, किशोर चौहान सहित सभी पत्रकारों ने अपने पत्रकार साथी के दु:खद निधन पर गहन दु:ख जताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पत्रकार संघ ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दु:ख और वज्रापात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पत्रकार गोपाल नायक का निधन उमेश पटेल और महेश साहू अंतिम यात्रा में हुए सम्मिलित
क्षेत्र के जनप्रिय निर्भीक कलमकार को खरसिया पत्रकार जगत ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

