हसदेव नदी में डूबे पांच दोस्त, एक की लाश मिली, दो लापता

नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा, ड्रोन से तलाश जारी, जिले के पंतोरा चौकी अंतर्गत ग्राम देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट की घटना

Gupta Lochan
3 Min Read

जांजगीर-चांपा। जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार शाम पिकनिक मनाने गए पांच दोस्त हसदेव नदी में नहाते समय तेज बहाव में बह गए थे। इनमें से एक युवक अंकुर कुशवाहा का शव 15 से 17 किलोमीटर दूर मिला है। जबकि, दो लोग स्वर्णरेखा और आशीष भोई अभी भी लापता हैं। वहीं एक युवक और एक युवती को स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया। यह हादसा पंतोरा चौकी क्षेत्र के देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पांच दोस्त शनिवार को हसदेव नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे सभी गहराई में चले गए। दो लोगों को तो समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया गया जबकि, तीन लोग तेज बहाव में बह गए। शनिवार शाम को अंधेरा बढऩे के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया था, लेकिन रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें फिर से तलाशी अभियान में जुट गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि ड्रोन कैमरे की मदद से लापता लोगों की खोज की जा रही है। एसडीआरएफ टीम को बिलासपुर से बुलाया गया है, जबकि स्थानीय गोताखोरों को कुदारी बैराज और एनीकेट के पास तैनात किया गया है। बताया गया कि पानी के तेज बहाव में अंकुर की लाश बहकर काफी दूर चली गई थी। मृतक अंकुर कुशवाहा और उसके साथी पीएससी की तैयारी के लिए बिलासपुर में कोचिंग करते थे। इनके साथ जांजगीर का लक्ष्मी शंकर, जो एक रेस्टोरेंट चलाता है, वह भी पिकनिक पर गया था। स्वर्णरेखा की कार से सभी देवरी गांव पहुंचे थे। शनिवार की शाम करीब छह बजे जब ये सभी नहाने के लिए नदी में उतरे, तब अंधेरा होने लगा था। पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण सभी गहरे हिस्से में चले गए। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर दो लोगों को बचा लिया, लेकिन तीन बह गए। इधर, पुलिस और प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों के सरपंचों को सतर्क किया है। बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कुदारी बैराज के तीन गेट खुले हैं। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, ताकि बाकी दो लापता का पता लगाया जा सके।

Share This Article