जुगाड़, जुनून और छह महीने की मेहनत से तैयार की चार सीटर बैटरी कार

न इंजीनियरिंग की डिग्री, न बड़ी वर्कशॉप और न ही आधुनिक मशीनों का सहारा, कबाड़ से हेमंत ने गढ़ी अपनी पहचान

Gupta Lochan
5 Min Read

जांजगीर-चांपा। शाम को चाउमिन और मंचूरियन बेचकर परिवार चलाने वाला एक युवा दिन में अपने सपनों की मशीन गढ़ता है। उसके पास न इंजीनियरिंग की डिग्री है और न ही किसी बड़े तकनीकी संस्थान का सहयोग। इसके बावजूद उसने कबाड़ और उपलब्ध संसाधनों को जोडक़र चार लोगों के बैठने वाली बैटरी कार तैयार कर दी। यह कहानी है जिले के नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम कटौद निवासी 26 वर्षीय हेमंत कुमार केंवट की, जिन्होंने अपने हुनर को डिग्री की सीमाओं में बांधने के बजाय उसे जमीन पर उतारने की कोशिश की है।
हेमंत केंवट की बनाई कार इन दिनों गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। लेकिन इस कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू सिर्फ कबाड़ से कार बनाना नहीं, बल्कि रोजी-रोटी की जिम्मेदारियों के बीच अपने पुराने सपने के लिए समय निकालना है। हेमंत केंवट के अनुसार, उसके मन में कार बनाने का विचार करीब 14 साल की उम्र में आया था। बच्चों के लिए बैटरी से चलने वाली छोटी कार देखने के बाद उन्होंने भी ऐसा वाहन बनाने की कल्पना की। समय बीतता गया, जिम्मेदारियां बढ़ीं, लेकिन यह विचार उनके मन से नहीं निकला। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने भी उन्हें बैटरी से चलने वाला वाहन बनाने के लिए प्रेरित किया। आखिरकार उन्होंने करीब छह महीने पहले अपने सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में काम शुरू किया। अलग-अलग जगहों से कबाड़ और उपयोगी सामान जुटाया, वाहन का ढांचा तैयार किया और बैटरी, मोटर सहित जरूरी उपकरणों को जोडक़र कार बनाने में जुट गए। लगातार मेहनत के बाद उनकी चार सीटर बैटरी कार तैयार हो गई।

दो लाख रुपए लगाए, अब भी सुधार की कोशिश

हेमंत केंवट के मुताबिक, कार बनाने में अब तक करीब दो लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। इसमें चार लोगों के बैठने की व्यवस्था है और इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। उनका दावा है कि बैटरी करीब ढाई घंटे में चार्ज हो जाती है और एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर कार लगभग 120 किलोमीटर चल सकती है। हालांकि, कार की रफ्तार, बैटरी की क्षमता और एक बार चार्ज करने पर तय होने वाली दूरी की स्वतंत्र तकनीकी पुष्टि नहीं हुई है। वाहन को सडक़ पर नियमित उपयोग के योग्य मानने से पहले उसकी सुरक्षा, ब्रेकिंग, विद्युत व्यवस्था और अन्य तकनीकी मानकों की जांच जरूरी होगी।

शाम को चाउमिन बेचते हैं, खाली समय में बनाते हैं मशीनें

हेमंत केंवट किसी बड़ी कंपनी के इंजीनियर नहीं हैं। घर के सामने शाम को चाउमिन और मंचूरियन बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शादीशुदा हेमंत की दो साल की बेटी भी है। परिवार की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने हुनर को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रखा। इससे पहले वह अपने हुनर से एक ट्रॉली भी तैयार कर चुके हैं। बैटरी कार का निर्माण उनके इसी प्रयोगशील स्वभाव की अगली कड़ी है। सीमित साधनों के बीच तकनीकी चीजों को समझने और उन्हें अपने स्तर पर तैयार करने की उनकी कोशिश अब ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

असली जरूरत हुनर को सही दिशा देने की

हेमंत केंवट की कहानी को केवल एक अनोखी कार बनाने तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। यह ऐसे युवाओं की क्षमता की ओर भी ध्यान खींचती है, जिनके पास तकनीकी शिक्षा और आधुनिक उपकरणों की सुविधा नहीं है, लेकिन कुछ नया करने की इच्छा है। यदि हेमंत को तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, उपयुक्त परीक्षण सुविधाएं और वाहन सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मिलती है, तो उनके प्रयोग को अधिक सुरक्षित और उपयोगी बनाने की संभावनाओं पर काम किया जा सकता है। इसके लिए वाहन की स्वतंत्र तकनीकी जांच और लागू नियमों के अनुसार आवश्यक अनुमोदन भी महत्वपूर्ण होंगे।

अपनी कार को और बेहतर बनाने का लक्ष्य

गांव के लोगों ने हेमंत केंवट के प्रयास की सराहना की है। मोहल्ले के राजकुमार साहू सहित ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों में कुछ नया करने की उनकी कोशिश युवाओं को प्रेरित करती है। हेमंत केंवट का अगला लक्ष्य अपनी कार को और बेहतर बनाना है। फिलहाल, उनकी यह कोशिश एक संदेश जरूर देती है कि सपने देखने के लिए बड़ी डिग्री जरूरी नहीं, लेकिन किसी प्रयोग को सुरक्षित, उपयोगी और सफल बनाने के लिए हुनर के साथ सही तकनीकी मार्गदर्शन भी उतना ही जरूरी है।

Share This Article