रायगढ़। कैनाल लिंक रोड के अंडरपास निर्माण के चलते चांदनी चौक पुल आने वाले 3 महीने तक आवागमन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान पैदल राहगीरों और बाइक चालकों की सुविधा के लिए पुल के नीचे से वैकल्पिक रास्ता बन रहा है।
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल के आसपास की स्थिति और यातायात पर पडऩे वाले असर का जायजा लिया। निगम ठेकेदार और साइट इंजीनियर को निर्देश दिए कि पुल बंद रहने के दौरान पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी न हो। इसके लिए पुल के नीचे सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाए। उन्होंने वैकल्पिक रास्ते का निर्माण जल्द पूरा करने और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर ने आसपास के लोगों से चर्चा कर उन्हें निर्माण कार्य की जानकारी भी दी।
मरीन ड्राइव से उड़ीसा रोड हाईवे तक जुड़ेगी सडक़
कैनाल लिंक रोड शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बनाई जा रही है। इसके तहत जोगीडीपा चौक से चांदनी चौक होते हुए सडक़ मरीन ड्राइव तक पहुंचेगी। आगे मरीन ड्राइव से सीधे उड़ीसा रोड हाईवे तक सडक़ जोडऩे की योजना भी तैयार की जा रही है। इस सडक़ के बनने से शहर के अंदर और बाहर आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी। रायगढ़ आने वाले और यहां से दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक हाईवे से दूसरे हाईवे तक पहुंचने के लिए शहर के भीतरी हिस्सों से कम गुजरना पड़ेगा।


