रायगढ़। न्यायधानी बिलासपुर तखतपुर का रामसदन मंच शिक्षा और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत का गवाह बना। वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ श्री ओ.पी. चौधरी ने 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर तथा 1 करोड़ 81 लाख रुपये से निर्मित होने वाले परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में तखतपुर की जनता में शिक्षा और विकास को लेकर नई उम्मीद और उत्साह साफ दिखाई दिया।
श्री चौधरी ने नालंदा परिसर को पढऩे वाले बच्चों के लिए एक सपना बताते हुए कहा 250 सीटर नालंदा परिसर केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि तखतपुर के युवाओं के सपनों को पंख देने वाला केंद्र होगा। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को शांत, व्यवस्थित और आधुनिक अध्ययन वातावरण मिलेगा। पुस्तकालय, डिजिटल सुविधा और अनुशासित माहौल के साथ यह परिसर ग्रामीण और छोटे शहरों के बच्चों को बड़े शहरों जैसी सुविधा अपने ही घर के पास उपलब्ध कराएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि साय सरकार जीवन की मूलभूत आवश्यकता शिक्षा को गुणवत्ता युक्त बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प के तहत प्रदेश स्तर पर नालंदा परिसर खोले जा रहे हैं, ताकि कोई भी गरीब और मेधावी बच्चा केवल सुविधा के अभाव में पीछे न रह जाए। परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण का जिक्र करते हुए कहा परमेश्वरी तालाब तखतपुर की पहचान और आस्था से जुड़ा है। 1 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य के बाद यह तालाब न केवल सुंदर दिखेगा, बल्कि लोगों के लिए बैठने, टहलने और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों का भी सुंदर स्थल बनेगा। इससे क्षेत्र का पर्यावरण भी बेहतर होगा और तखतपुर की सुंदरता में भी निखार आएगा। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बच्चों से बड़े स्नेह से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बात करते हुए , उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें शिक्षा, अनुशासन और जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने अपने कलेक्टर बनने के दौरान आई परेशानियों और संघर्षों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि रास्ता कभी आसान नहीं होता, लेकिन जो व्यक्ति साहस के साथ लड़ता है, वह कभी हारता नहीं। उन्होंने बच्चों से कहा मनुष्य के साहस के सामने कोई बड़ा नहीं है। हारा वही, जो लड़ा नहीं। वित्त मंत्री ने इस अवसर पर राजनीति में आने का उद्देश्य भी साफ शब्दों में बताया। उन्होंने कहा कि वे पद या सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए हैं, बल्कि हर छत्तीसगढिय़ा के जीवन में बदलाव लाने के लिए राजनीति में आए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही गरीबी दूर होगी, शिक्षा से ही गांव और प्रदेश आगे बढ़ेगा, और शिक्षा से ही छत्तीसगढ़ के हर बच्चे का भविष्य बदलेगा। यही कारण है कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने प्रदेश की ढाई करोड़ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार हर वादे को जमीन पर उतारने के लिए निरंतर काम कर रही है। तखतपुर में हुए ये भूमिपूजन उसी संकल्प का प्रमाण हैं।
तखतपुर में खुलेगा सपनों का नालंदा, शिक्षा ही बदलेगी छत्तीसगढ़ का भविष्य-वित्त मंत्री ओपी चौधरी
250 बच्चों को मिलेगी एक साथ पढऩे की सुविधा...


