रायगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में दीपावली की रात पटाखे फोडऩे की बात पर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और जबरन युवक को कार में ले जाने तक पहुंच गया। आरोपियों ने घर में घुसकर 18 साल के युवक की पिटाई की। इस दौरान एक आरोपी ने जूता निकालकर उसके सिर पर मारा। पुलिस के लगातार दबाव के बाद मुख्य आरोपी ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की और घटना में इस्तेमाल सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, हंडी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर की रात पटाखे फोडऩे की बात पर हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने उस पर और उसके साथी पर कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिष के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।
अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिष अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोडऩे की बात पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अरुण शर्मा ने जूता निकालकर निमिष के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। हनी अग्रवाल ने घटना का वीडियो बनाया। बाद में आरोपी निमिष को हंडी चौक के पास छोडक़र फरार हो गए।
एक आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने 12 नवंबर को दीप अग्रवाल (26), निवासी विकास नगर गली नंबर-3, कोतरारोड को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश में कोतवाली पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
पुलिस की कार्रवाई के दबाव में मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20) निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया और पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की ऑल्टो कार, एक मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया है। पूछताछ और जब्ती की कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


