रायगढ़। गोपाष्टमी पर्व पर जगह-जगह गो-माता को तिलक व फूल माला पहना कर पूजा-अर्चना की गई। साथ ही शहर के चक्रधर गौशाला को भी सजाया गया था, जहां सुबह से ही कोई चारा खिलाकर तो कोई गुड़ और रोटी खिलाकर गौ-माता से आशीर्वाद लिया।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को गोपाष्टमी पर्व पर चक्रधर गौशाला में श्रद्धालुगण पहुंच कर गायों को फुल-माला व कपड़े ओढ़ाकर माथे पर चंदन का तिलक लगा कर पूजा अर्चना किया। साथ ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना करने के बाद गाय को चारा भी खिलाया। हालांकि हर साल गोपाष्टमी पर्व पर एक दिन पहले से ही ग्रामीण क्षेत्र के लोग चारा लेकर गौशाला पहुंच जाते हैं। ऐसे में मंगलवार को सुबह से ही चारा बेचने वाले गौशाला के बाहर स्टाल लिए थे, जहां चारा खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।
मान्यता है कि गाय में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है, इससे इनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से देवी-देवता प्रशन्न होकर समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। साथ ही यह भी कहा जाता है कि किसी भी कार्य को आरंभ करने के पूर्व गाय की पूजन करने से सफलता मिलती है। इसी मान्यता को लेकर मंगलवार को पूरे दिन पूजा-पाठ का दौर चलता रहा। इस दौरान गौशाला में पूजन करने आए भक्तों ने बताया कि गौ-माता को गुड और रोटी बेहद पसंद है, ऐसे में गौशाला के संचालक की तरफ से सुबह से ही यहां रोटी तैयार कराया गया था, जिससे पूजा-पाठ के बाद लोगों ने यहीं से रोटी खरीदकर गुड़ के साथ गौ-माता को खिलाया। कई लोगों ने तो अपने वजन के बराबर अन्न और गुड को भी दान किया। उनका कहना था कि अपने वजन के बराबर गौ-माता को अन्न दान करने से सभी समस्या दूर होती है। इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।
चारा-विक्रेताओं में रहा उत्साह
मंगलवार को सुबह से ही घांस व हरी सब्जी का स्टाल चक्रधर गौशाला के सामने सज गई थी, इससे लोगों ने जमकर खरीदी किया। घांस विक्रेताओं ने बताया कि इस बार अन्य सालों की अपेक्षा अच्छी बिक्री हुई है। वहीं कई भक्तों द्वारा घांस के अलावा गुड का भी दान किया। ताकि गौशाला संचालक द्वारा पूरे साल गायों को चारा के साथ गुड भी दिया जा सके।
बैसपाली गौशाला में भी हुआ आयोजन
शहर से करीब 20 किमी दूर बैसपाली गौशाला में भी गोपाष्टमी पर्व मनाया गया, जहां सुबह से ही भक्त पहुंचने लगे थे। गौशाला संचालक द्वारा गायों को अलग-अलग जगह रखा गया था, ताकि लोगों को पूजा-पाठ करने में समस्या का सामना न करना पड़े। इससे लोगों ने पूरे दिन गौ-माता को चारा खिलाकर पूजा-अर्चना किया।


