धरमजयगढ़ में कर्मचारियों का शंखनाद

बुधवार शाम दुर्गा पंडाल से निकलेगी महा रैली

Lochan Gupta
2 Min Read

धरमजयगढ़। लंबित महंगाई भत्ते की मांग और पटवारी संघ के साथ हो रहे अन्याय को लेकर धरमजयगढ़ के शासकीय सेवकों में भारी आक्रोश है। इस सिलसिले में ‘कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक इकाई धरमजयगढ़’ की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें शासन के खिलाफ मैदानी जंग लडऩे की अंतिम कार्ययोजना तैयार की गई है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि आंदोलन की शुरुआत कल बुधवार शाम 4.30 बजे स्थानीय दुर्गा पंडाल से होगी। यहाँ ब्लॉक के सभी विभागों के कर्मचारी, शिक्षक, और अधिकारी बड़ी संख्या में एकत्रित होंगे। पंडाल में सभा के बाद एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपेगी।

लंबित डीए और पटवारियों के साथ अन्याय

आंदोलन के केंद्र में मुख्य रूप से दो बड़ी मांगें हैं।कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से बकाया डीए न मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसे वे अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। हाल के दिनों में पटवारी साथियों के साथ हो रहे प्रशासनिक और मानसिक शोषण के खिलाफ फेडरेशन ने कड़ा रुख अपनाया है।

फेडरेशन की अपील-‘घर से निकलें, हक के लिए लड़ें’

कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक इकाई धरमजयगढ़ ने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से ब्लॉक के प्रत्येक शासकीय सेवक से अपील की है कि वे कल अपने बहुमूल्य समय से कुछ घंटे संगठन और अपने हक के लिए निकालें। पदाधिकारियों ने कहा, ‘यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि शासन के आर्थिक और मानसिक शोषण के विरुद्ध एकजुटता के साथ आवाज बुलंद करने का शंखनाद है।’

Share This Article