रायगढ़. लैलूंगा क्षेत्र में सोमवार शाम को बस और बाइक में आमने-सामने भीड़ंत हो गई, इससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि उक्त बस रायगढ़ से यात्रियों को लेकर पत्थलगांव जा रही थी और मुड़ागांव के पास यह हादसा हो गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम तारागढ़ निवासी आरिफ खान पिता ईंदू खान सोमवार को सुबह किसी काम से अपनी बाइक से मुड़ागांव गया था, जहां काम होने के बाद शाम को वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मुड़ागांव के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचा ही था कि रायगढ़ से पत्थलगांव जा रही थी पूर्णागिरी बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया, इससे आरिफ बाइक समेत बस के नीचे जा घुसा। इससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उक्त घटना के होते ही घटना स्थल पर चिख-पुकार मच गया, इससे बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी एकत्र हो गए, इससे घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा और घटना की सूचना उसके परिजनों को दिया, उनके आने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
फिर पूर्णागिरी बस की चपेट में आया बाइक चालक, हुई मौत


