रायगढ़. रेल यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने और कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली गाड़ी संख्या 12949/12950 पोरबंदर-सांतरागाछी-पोरबंदर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस सुविधा से खासकर उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अक्सर लंबी प्रतीक्षा सूची का सामना करना पड़ता है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा आगामी 20 नवंबर से शुरू होकर 27 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी। गाड़ी संख्या 12949 पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस में यह कोच पोरबंदर स्टेशन से 20 नवंबर से लेकर 25 दिसंबर तक जोड़ा जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 12950 सांतरागाछी-पोरबंदर एक्सप्रेस में, सांतरागाछी स्टेशन से यह सुविधा 22 नवंबर से 27 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी। इस अतिरिक्त स्लीपर कोच के जुडऩे से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं देखा जाए तो इन दिनों त्यौहारी सीजन होने के कारण लगभग सभी यात्री ट्रेने पैक चल रही है, इससे यात्रियों को काफी समस्या हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरु की जा रही है।


