रायगढ़। जिले में ट्रेलर खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 12 लाख 50 हजार रुपए में ट्रेलर खरीदने का सौदा किया। इसके लिए 50 हजार रुपए एडवांस दिए और वाहन अपने साथ ले गया। बाकी 12 लाख रुपए फाइनेंस के जरिए देने की बात कही थी, लेकिन बाद में न रकम दी और न ही ट्रेलर लौटाया। परेशान होकर वाहन मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा के ग्राम कुडुमकेला निवासी कमलेश कुमार पटेल (44) के नाम पर अशोक लीलैंड कंपनी का 18 चक्का ट्रेलर रजिस्टर्ड है। कमलेश को रुपयों की जरूरत थी, इसलिए वह अपना ट्रेलर बेचना चाहता था। इसी दौरान उसका परिचय रायगढ़ के चांदनी चौक निवासी आर्य सलमान बेग से हुआ। दोनों के बीच ट्रेलर का सौदा 12 लाख 50 हजार रुपए में तय हुआ। 20 अप्रैल 2024 को आर्य सलमान बेग ने अपने स्टेट बैंक खाते से 50 हजार रुपए का चेक एडवांस के रूप में दिया। बाकी 12 लाख रुपए फाइनेंस के जरिए देने की बात कही। इस पर कमलेश ने उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे ग्राम कुडुमकेला में अपना ट्रेलर उसे सौंप दिया। इसके बाद 5 जून 2024 को तहसील कार्यालय घरघोड़ा में वाहन बिक्री का इकरारनामा भी कराया गया। इसकी नोटरी भी कराई गई।
डेढ़ महीने तक होती रही बातचीत
कमलेश के मुताबिक, ट्रेलर सौंपने के बाद करीब डेढ़ महीने तक आरोपी से मोबाइल पर बातचीत होती रही। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ दिनों बाद मोबाइल भी बंद कर लिया। परेशान होकर कमलेश चांदनी चौक स्थित आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसके परिजनों से पूछताछ करने पर उन्होंने भी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
न ट्रेलर मिला, न बाकी रकम
कमलेश ने अपने स्तर पर आरोपी और ट्रेलर की काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उसने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आर्य सलमान बेग के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


