खरसिया। पवित्र कार्तिक मास के पावन अवसर पर धर्म नगरी खरसिया में सनातन प्रेमियों, युवाओं और प्रबुद्धजनों द्वारा एक अत्यंत प्रेरणादायक और अनूठी पहल की जा रही है। प्रतिदिन सुबह गंज बाजार स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर से उठने वाली श्रीराम नाम संकीर्तन की गूंज से पूरा नगर राममय हो गया है। खरसिया वासियों की सुबह अब बिस्तर छोडऩे के साथ ही ‘श्रीराम नाम’ के जाप और संकीर्तन से हो रही है, जिससे संपूर्ण वातावरण सात्विक और ऊर्जावान बन गया है।
संतों और ग्रंथों के अनुसार, ‘राम से भी बड़ा राम का नाम है।’ भगवान श्रीराम के नाम का स्मरण, जप और श्रवण मात्र मनुष्य को भवसागर से पार लगाने के लिए पर्याप्त है। सनातन संस्कृति में इसके अनगिनत प्रमाण मिलते हैं। इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण महर्षि वाल्मीकि हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों और अज्ञानता के दौर में भी मरा-मरा जपते-जपते राम नाम की ऐसी सिद्धि प्राप्त की कि वे महर्षि बन गए और अमर ग्रंथ ‘रामायण’ की रचना कर डाली।
प्रभात फेरी में आज सम्मिलित हुए लेखक कैलाश शर्मा का अनुभव है कि सुबह इस यात्रा में नाचते-झूमते हुए शामिल होने से आत्मा को अलौकिक संतुष्टि मिलती है। दिनभर दिलों-दिमाग में ‘श्री राम नाम की गंगा में नहाले नहाले…’ ये मौका नहीं आएगा बंदे, ये मौका नहीं आएगा जैसे भजन गूंजते रहते हैं, जिससे पूरा दिन रचनात्मकता और सकारात्मकता से बीता और इस समाचार की प्रेरणा भी मिली।
प्रभात फेरी का समय और मार्ग
प्रतिदिन प्रात: 6:00 बजे गंज बाजार हनुमान मंदिर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुन: प्रात: 7:00 बजे हनुमान मंदिर प्रांगण में विश्राम। कार्तिक मास की एकम तिथि (26 अक्टूबर 2026) से लेकर कार्तिक पूर्णिमा (25 नवंबर 2026, बुधवार) तक।
धर्म प्रेमियों की सक्रिय सहभागिता
इस पावन अनुष्ठान के सूत्रधार राजू सपोसवाला की प्रेरणा और कुशल अगुवाई में यह आयोजन भव्य रूप ले चुका है। इसमें पप्पू अरोरा, मुकेश टीएम, सत्यनारायण मुरा, बंटी मिरानी, संजय एसआरएम, मनीष तूहीराम, विनय पंडा, पूनम महावीर, वैद्यनाथ अग्रवाल, गिरधर अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेकों धर्मप्रेमी बढ़-चढक़र अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। शास्त्रों में विधान है कि प्रभु श्रीराम का नाम स्मरण करने के लिए किसी विशेष परिस्थिति या कठोर नियमों की बाध्यता नहीं होती। आप सोते-जागते, उठते-बैठते, स्वस्थ हों या अस्वस्थ, कभी भी प्रभु का स्मरण कर सकते हैं। यदि प्रात:काल स्नान में कोई बाधा या विलंब हो, तब भी बिना स्नान के लिया गया राम नाम भी उतना ही पुण्यदायी होता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर विशाल भंडारा
प्रभात फेरी संकीर्तन समिति ने खरसिया नगर के सभी सम्मानित नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से विनम्र अपील की है कि इस अलौकिक प्रभात फेरी में शामिल होकर सनातन धर्म की अलख जगाएं और अपने जीवन को धन्य बनाएं।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व (25 नवंबर 2026, बुधवार) पर इस मास-पर्यायंत चलने वाले अनुष्ठान के समापन पर सिद्ध श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहाँ सभी भक्त महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। राजू सपोसवाल और इस समाचार के लेखक कैलाश शर्मा का कहना है ‘जीवन में यह दुर्लभ मौका बार-बार नहीं मिलता आइए, श्रीराम नाम की इस पावन गंगा में डुबकी लगाएं और अपने जीवन को सफल बनाएं।’

