रोटरी क्लब और लायंस क्लब ने मेले में की शीतल जल व मीठे शरबत की व्यवस्था

दशहरा मेला में श्रद्धालुओं और आगंतुकों को चाय बिस्कुट कोल्ड ड्रिंक से मिली राहत

Gupta Lochan
3 Min Read

खरसीया। सिद्धार्थ शर्मा। समाजसेवी संस्थाओं की अग्रिम पंक्ति में शामिल रोटरी क्लब एवं लायंस क्लब ने सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की अपनी परंपरा को निभाते हुए एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। स्थानीय मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं और जनसामान्य की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए दोनों क्लबों के द्वारा अलग अलग दो जगह में नि:शुल्क शीतल जल एवं मीठे शरबत चाय बिस्कुट कोल्ड ड्रिंक का विशाल छबील स्टॉल लगाया गया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष विन्नी सलूजा एवं लायंस क्लब के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की संयुक्त अगुवाई में आयोजित इस सेवा कार्य में दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। मेले की उमस भरी गर्मी और मेले की हलचल के बीच ठंडा पानी और मीठा शरबत पाकर मेले में आए हज़ारों आगंतुकों ने राहत की सांस ली और संस्था के इस प्रयास की सराहना की।

सेवा ही परम धर्म अध्यक्ष द्वय संजय अग्रवाल विन्नी सलूजा

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के अध्यक्ष विन्नी सलूजा ने कहा, समाज सेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को जीवंत रखने का माध्यम है। मेले में दूर-दराज़ से आने वाले लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। वहीं लायंस क्लब के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने विचार व्यक्त करते हुए कहा, जब दो प्रमुख समाजसेवी संस्थाएं एक साथ आकर कार्य करती हैं, तो उसका प्रभाव और भी व्यापक हो जाता है। जनसेवा के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

सहयोग और समर्पण से सफल हुआ आयोजन

स्टॉल पर मेले के प्रारंभ होने से पहले से ही शीतल जल और मीठे शरबत का वितरण शुरू हो गया था, जो देर शाम तक अनवरत जारी रहा। स्वयं अध्यक्ष द्वय और सभी सदस्यों ने अपने हाथों से लोगों को शरबत चाय बिस्कुट कोल्ड ड्रिंक वितरित किया। मेले में आए बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने इस व्यवस्था के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दोनों क्लबों के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और समर्पण से यह सेवा कार्य अत्यंत अनुशासित एवं सफल रहा। रोटरी क्लब और लायंस क्लब द्वारा दो अलग अलग जगह पर लगे यह स्टाल यह प्रयास संदेश देता है कि जब समाज की अग्रणी संस्थाएं एकजुट होकर कार्य करती हैं, तो निस्वार्थ सेवा की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।

Share This Article