किराए के बैंक खातों से करोड़ों की ठगी , 8 आरोपी गिरफ्तार

कमीशन का लालच देकर खुलवाते थे खाते, 10 राज्यों से शिकायतें, खातों में लाखों रुपए होल्ड

Gupta Lochan
4 Min Read

जांजगीर-चांपा। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर खपाने वाले कथित म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस की साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड और नए मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इन खातों में देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम पहुंची और इनके जरिए लाखों से लेकर करोड़ों रुपए तक के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान कुछ बैंक खातों में देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की रकम आने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि संबंधित खाताधारकों ने ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन बैंक सहित विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए थे। आरोप है कि इन खातों से जुड़े एटीएम कार्ड और अपने नाम पर जारी कराए गए नए सिम कार्ड साइबर ठगों को उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बदले खाताधारकों को 10 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक कमीशन मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इन खातों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों द्वारा ठगी की रकम प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
पुलिस की जांच के मुताबिक, संबंधित खातों को लेकर कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, असम, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि कुछ खातों के विरुद्ध पांच या उससे अधिक बार शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि कुछ खातों को लेकर 14 से 15 बार रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने आई।

एक दिन के भीतर करोड़ों रुपए के लेन-देन

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खातों में एक दिन के भीतर करोड़ों रुपए के लेन-देन की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों कलेशराम देवांगन उर्फ छोटू, श्यामलाल देवांगन उर्फ राजू, लक्ष्मीनारायण पटेल, वेमेश आदित्य, ज्योति बाई यादव, सुरेश कुमार गढ़ेवाल, अनिल राठौर एवं इश्तेखार अहमद के खातों में ठगी की रकम की पहली कड़ी यानी लेयर-1 में धनराशि पहुंची थी। हालांकि, प्रत्येक खाते से संबंधित कुल संदिग्ध लेन-देन, ठगी की पुष्टि हुई रकम और अलग-अलग राज्यों की शिकायतों का विस्तृत ब्योरा सामने आने पर ही पूरे नेटवर्क की वित्तीय तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

संबंधित बैंक खातों में लाखों रुपए होल्ड

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कमीशन के लालच में बैंक खाते और मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने की जानकारी मिली। कार्रवाई के दौरान पासबुक जब्त की गई हैं। संबंधित बैंक खातों में लाखों रुपए की राशि होल्ड कराई गई है। पुलिस ने बताया कि होल्ड की गई रकम की वापसी के लिए संबंधित राज्यों को सूचना भेजी गई है। यह रकम किन-किन राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों से संबंधित है और पीडि़तों को कितनी राशि वापस मिल पाएगी, यह आगे की जांच और संबंधित एजेंसियों की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।

साइबर थाना में मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में साइबर थाना में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66क् के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Share This Article