अग्रसेन जयंती पर प्रतिभाओं ने दिखाया अपना हुनर, बच्चों से लेकर वरिष्ठों तक दिखा उत्साह

Gupta Lochan
3 Min Read

सारंगढ़। अग्रवाल समाज के आराध्य एवं समाजवाद, समानता और सेवा के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर सारंगढ़ में आयोजित अग्रसेन जयंती समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। अग्रसेन जयंती आयोजन समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच के बैनर तले चल रहे समारोह की विविध प्रतियोगिताओं के क्रम में अग्रसेन भवन सभागार में जूनियर एवं सीनियर चेस प्रतियोगिता के साथ मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।आयोजन के दौरान 15 वर्ष तक की आयु वर्ग के लिए जूनियर चेस प्रतियोगिता तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए सीनियर चेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं सामान्य वर्ग के प्रतिभागियों के लिए मटका फोड़ प्रतियोगिता रखी गई।
प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व आयोजन स्थल पर ही प्रतिभागियों को नियम एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जान कारी दी गई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम प्रभारी प्रियांशु धनानिया ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चेस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीति का परिचय दिया, वहीं मटका फोड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के उत्साह और उमंग ने आयोजन में मनोरंजन का रंग भर दिया।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल एवं अग्रसेन सेवा संघ अध्यक्ष दिनेश धनानिया ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समाज में समानता, सहयोग, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से अग्रसेन जयंती समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह में अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला सभा एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सहित समाज के विभिन्न संगठनों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि आयोजन में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों के लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। अग्रसेन जयंती समारोह की विविध प्रतियोगिताएं समाज की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास एवं संस्कारों से जोडऩे का माध्यम भी बन रही हैं। समारोह को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Share This Article