सीईओ जनपद ने ली आवास, व्हीबी-जी राम-जी योजना की समीक्षा बैठक, लेबर बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश

Gupta Lochan
2 Min Read

सारंगढ़। जिपं सीईओ ऋषिकेश तिवारी के आदेश पर जपं के सीईओ राधेश्याम नायक द्वारा आवास योजनाओं और व्हीबी-जी राम-जी विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक ली गई इस बैठक में सभी ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ श्री नायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 350 आवास दिसंबर तक पूर्ण किए जाने हैं, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 3700 आवास मार्च 2027 तक पूरे किए जाने हैं। इसके लिए हर माह समीक्षा बैठक होगी, जिसमें प्रगति रिपोर्ट पर विशेष फोकस रहेगा। योजना में विशेष गति लाने के निर्देश दिए गए। जिन पंचायतों में तालाब सूख चुके हैं, वहां व्हीबी-जी राम-जी योजना के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
सीईओ ने कहा कि किसी भी योजना के लिए पैसे की कमी पंचायतों को नहीं होगी, शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं की राशि जारी कर दी गई है। प्रत्येक ग्रापंचायत में लेबर की संख्या बढ़ाई जाए और जॉब कार्डधारी परिवारों को विशेष प्राथमिकता के साथ रोजगार उपलब्ध कराया जाए। शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी पात्र परिवार रोजगार से वंचित न रहे। इसके लिए सभी सचिवों को घर – घर संपर्क कर श्रमिकों को कार्य के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सभी स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में प्रारंभ कराया जाए और मस्टररोल में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। बैठक में कार्यक्रम अधिकारी, सहा. कार्य. अधिकारी, पीओ युवराज पटेल, कमलेश खुटें सहित सभी सचिव उपस्थित रहे। अंत में पीओ युवराज पटेल ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा योजनाओं को सफल बनाने के लिए टीम भावना से कार्य करने हेतु सभी को प्रेरित किया।

Share This Article