खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। वन परिक्षेत्र खरसिया के अंतर्गत ग्राम कुकरी चोली में आम प्रजाति की लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त होने पर उडऩदस्ता दल रायगढ़ एवं वन परिक्षेत्र खरसिया के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई।
मौके पर निरीक्षण के दौरान एक ट्रक में आम प्रजाति की लकड़ी लोड की जा रही थी। ट्रक में लगभग दो चट्टा आम की लकड़ी लोड पाई गई। वन अमले द्वारा मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से लकड़ी की कटाई, संग्रहण एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। वैध दस्तावेजों के अभाव में उडऩदस्ता दल रायगढ़ एवं वन परिक्षेत्र खरसिया की संयुक्त टीम द्वारा ट्रक सहित आम प्रजाति की लकड़ी जब्त कर मदनपुर डिपो परिसर में लाया गया। प्रकरण में लकड़ी के स्रोत, कटाई एवं परिवहन की वैधता के संबंध में जांच की जा रही है तथा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन परिक्षेत्र खरसिया श्रीमती लीला पटेल ने बताया कि वन विभाग द्वारा अवैध वृक्ष कटाई एवं काष्ठ परिवहन की रोकथाम हेतु लगातार निगरानी की जा रही है। वन संपदा के संरक्षण तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आम की लकड़ी से भरी ट्रक पकड़ाई

