रायगढ़. मुंबई-हावड़ा रूट पर अलग-अलग स्टेशनों में चल रहे निर्माण कार्य के चलते विगत कई लंबे समय से टे्रनों का लेट-लतीफी का दौर जारी है। इससे अप व डाउन दिशा से चलने वाली लगभग सभी ट्रेने देरी से पहुंची, इसके चलते कई यात्री स्टेशन में सुबह से दोपहर तक ट्रेन के इंतजार में बैठे नजर आए।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों अलग-अलग स्टेशनों पर चल रहे चौथी लाइन निर्माण कार्य के चलते यात्री ट्रेनों की चाल बूरी तरह से प्रभावित हो गई है, इससे कुछ ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है तो कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया जा रहा है इसके चलते कोई भी ट्रेन अपनी निर्धारित समय पर गंतब्य तक नहीं पहुंच पा रही है। हालांकि यह समस्या लंबे समय बनी हुई है, इससे सबसे ज्यादा समस्या लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को हो रही है। साथ ही शुक्रवार से राबर्टशन स्टेशन यार्ड में रीमाडलिंग कार्य शुरू हो गया है, जो 30 नवंबर तक चलेगा, इस अवधि में रायगढ़-बिलासपुर मेमू का परिचालन रद्द किया गया है तो वहीं जो ट्रेने चल रही है उसे बिलंब से छोड़ा जा रहा है इससे अप व डाउन दोनों दिशा की ट्रेने घंटों लेट से गंतब्य तक पहुंच रही है। शुक्रवार को लेट से पहुंचने वाली ट्रेनों में बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर जिसका रायगढ़ पहुंचने का समय सुबह 9.30 बजे है, लेकिन देरी से चलने के कारण यह ट्रेन दोपहर करीब 1.20 बजे पहुंची थी। इसी तरह दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस भी करीब सवा घंटा देरी से 1.45 बजे पहुंची। योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा देरी से दोपहर करीब 3.30 बजे रायगढ़ पहुंची। वहीं डाउन दिशा से आने वाली सबसे लेट से चलने वाली निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस करीब 10 घंटा देरी से चल रही है, इससे इस ट्रेन को शनिवार को अलसुबह करीब 4 बजे तक पहुंचने की संभावना है। इससे यह ट्रेन यहां से दो से तीन घंटा देरी से रवाना होने की बात कही जा रही है। वहीं अप दिशा से आने वाली ट्रेनों पर नजर डाले तो हावड़ा-मुंबई मेल जिसका रायगढ़ पहुंचने का समय सुबह 4.45 बजे है लेकिन यह ट्रेन सुबह 8.10 बजे पहुंची थी, इसी तरह आजाद हिंद एक्सप्रेस भी करीब चार घंटा देरी से सुबह 11 बजे पहुंची। साथ ही हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस भी करीब चार घंटा देरी से 12.20 बजे पहुंची। इसके अलावा आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस शाम चार बजे तो हटिया-कुुर्ला भी करीब 4.10 बजे तक पहुंची, इस तरह अप व डाउन दिशा की लगभग सभी ट्रेनों के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौथी लाइन का चल रहा काम
इस संबंध में रेलवे सूत्रों के अनुसार बिलासपुर से झारसुगुड़ा तक लगभग चौथी लाइन का काम पूर्ण होने के कगार पर पहुंच गया है, इसके चलते अब रेलवे विभाग द्वारा अलग-अलग तिथियों में ब्लाक लेकर रीमाडलिंग व कनेक्टिविटी का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते जहां लोकल ट्रेनों के परिचालन को रद्द किया जा रहा है तो वहीं एक्सप्रेस ट्रेनों को विलंब से चलाया जा रहा है। ऐसे में अगर जोन के अंदर से चलने वाली एक-दो पैसेंजर ट्रेनों को समय पर रवाना किया जाता तो छोटे स्टेशन के यात्रियों को काफी राहत मिलती।
पूरे दिन स्टेशन में लगी रही भीड़
उल्लेखनीय है कि शासकीय कर्मचारी व पढऩे वाले छात्र हर दिन टिटलागढ़ पैसेंजर से रायगढ़ अप-डाउन करते हैं, लेकिन इन दिनों इस ट्रेन के लेट-लतीफी चलने के कारण जहां कर्मचारियों का काम प्रभावित हो रहा है तो वहीं छात्रों का पढ़ाई भी प्रभावित होने लगा है, ऐसे में अगर इस ट्रेन को समय पर चलाया जाता तो काफी राहत मिलती। वहीं शुक्रवार को ट्रेनों के लेट से पहुंचने के कारण पूरे दिन यात्रियों की भीड़ लगी रही है। इससे महिलाओं, बच्चे व बुजुर्गों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा।


