अनुसूचित जाति उप योजना के तहत 24 किसानों को मिला धनिया का आधार बीज

मसाला फसलों की खेती से किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा किसानों को मसाला फसलों की खेती से जोडऩे और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से धनिया के आधार बीज का वितरण किया गया। अखिल भारतीय समन्वित मसाला अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप योजना के तहत ग्राम बड़े अमकोनी, विकासखंड बरमकेला में आयोजित कार्यक्रम में 24 किसानों को प्रति किसान 5 किलोग्राम की दर से धनिया का आधार बीज प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के अधिष्ठाता एवं परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. ए.के. सिंह ने किसानों को धनिया की उन्नत खेती, फसल उत्पादन की तकनीक और बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्रामीण उद्यान अधीक्षक हीरालाल देवांगन, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विनय कुमार पटेल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनोज कुमार ने किसानों को मसाला फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि मसाला फसलों की खेती अपनाकर किसान अपनी आय में अतिरिक्त वृद्धि कर सकते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अतिथि डॉ. सत्यनारायण सिंह, अतिथि शिक्षक डॉ. संजय गिलहरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे। इस पहल से किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ ही मसाला फसलों की खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कृषि उत्पादन को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।

Share This Article