बीमार होकर खेत में गिरा 6 साल का हाथी शावक, उठ नहीं सका, वन-विभाग ने शुरू कराया इलाज, नवागांव में मिला हाथी का शव, करंट से मौत की आशंका

बीमार होकर खेत में गिरा 6 साल का हाथी शावक, उठ नहीं सका, वन-विभाग ने शुरू कराया इलाज, नवागांव में मिला हाथी का शव, करंट से मौत की आशंका

Lochan Gupta
4 Min Read

धरमजयगढ़। जिले में करीब 6 साल का एक हाथी शावक बीमार होकर खेत में गिर पड़ा। वह काफी देर तक उठ नहीं सका। हाथी ट्रैकर्स को शक हुआ तो उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से उसका इलाज शुरू कराया। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र का है। वहीं, धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार शाम एक नर हाथी का शव मिला है।
जानकारी के मुताबिक, हाथी शावक गुरुवार को सिंघीझाप गांव के पास देखा गया था। इस दौरान उसने एक कार को मामूली नुकसान भी पहुंचाया। रात में विचरण करते हुए वह बनहर गांव के करीब पहुंच गया। शुक्रवार सुबह उसे एक खेत में सोया हुआ देखा गया। हाथी ट्रैकर्स लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे। जब काफी देर तक शावक नहीं उठा, तो उन्हें कुछ गड़बड़ होने का संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीओ, रेंजर और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि शावक बीमार है और उठने की स्थिति में नहीं है। वन विभाग के अधिकारियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से शावक का इलाज शुरू कराया गया। बिलासपुर वृत्त के सीसीएफ मनोज पांडे के मुताबिक, इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है।
धरमजयगढ़ के एसडीओ एसडी दीवान ने बताया कि, विशेषज्ञ चिकित्सक भी मौके पर पहुंच रहे हैं। शावक बीमार नजर आ रहा है और उसका इलाज जारी है। करीब 6 साल का यह हाथी अकेले विचरण कर रहा है। इलाज के बाद भी वन विभाग की टीम उसकी लगातार निगरानी करेगी।

धरमजयगढ़ के जंगल में नर हाथी का शव मिला

इधर, धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार शाम एक नर हाथी का शव मिला। बरतापाली जंगल में हाथी का शव देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हाथी की मौत की वजह सामने नहीं आई है। घटना धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के बरतापाली जंगल की है। धरमजयगढ़ डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने बताया कि, सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल हाथी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।

डॉग स्क्वाड की ले रहे मदद

शुक्रवार को वनमंडल धरमजयगढ़ के अंतर्गत परिक्षेत्र धरमजयगढ़ के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक (कम्पार्टमेंट नंबर) 437 में एक नर हाथी का शव प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया मृत्य का कारण करंट प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं मैदानी अमला तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। हाथी की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) की कार्रवाई की जावेगी। प्रकरण की सूक्ष्म और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग द्वारा डॉग स्क्वाड (श्वान दल) की भी मदद ली जा रही है, ताकि घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र की बारीकी से छानबीन की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Share This Article