दिल्ली। केंद्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से बहस में शामिल होने की अपील भी की है। संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने सरकार पर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए बहुमत जुटाने में राजनीतिक चाल चलने का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है।
कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक दिल्ली में शाम 4.30 बजे प्रस्तावित है। वहीं, शनिवार को एनडीए गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर बैठक करेंगे। दूसरी ओर, बीजेपी भी लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी में है। सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
कौन-सी पार्टियां परिसीमन बिल के समर्थन और विरोध में?
परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों के रुख में फिलहाल मतभेद नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि डीएमके और यूबीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने इसे संविधान पर हमला करार दिया है। आप सांसद संजय सिंह ने डीएमके को चेतावनी देते हुए कहा कि इस विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने इसे ‘बीजेपी जिताओ बिल’ बताते हुए आरोप लगाया कि इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है।
सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत की चुनौती
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है। राजनीतिक समीकरणों के मुताबिक, सभी 540 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में सरकार को अतिरिक्त दलों के समर्थन और संभावित क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, यदि समाजवादी पार्टी मतदान से अनुपस्थित रहती है तो सरकार के लिए बहुमत का आंकड़ा हासिल करना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय कार्यवाही पर है। परिसीमन, महिला आरक्षण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े इन प्रस्तावों पर संसद में तीखी बहस होने के आसार हैं।
परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व और महिलाओं को मिलेंगे नए अवसर- सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में व्यापक जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए जाने वाले कदम देश के लिए लाभकारी होंगे। उन्होंने कहा कि यदि संसद में परिसीमन विधेयक लाया जाता है, तो यह स्वागतयोग्य पहल होगी। परिसीमन से लोकसभा और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा तथा अधिक लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र, परिसीमन, महिला आरक्षण, कांग्रेस नेताओं के आरोपों से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन से विभिन्न क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और उनकी आवश्यकताओं तथा आकांक्षाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं में प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर बढ़ेगा। इससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण होगा। महिला आरक्षण लागू होने से देश की माताओं-बहनों को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस
संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री श्री साय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है। लगातार चुनाव हारने से कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। देश की जनता का विश्वास खोने के बाद अब उनके पास अनर्गल आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी आदत रही है कि जब चुनाव परिणाम उसके पक्ष में आते हैं, तब ईवीएम भी सही होती है, चुनाव आयोग भी सही होता है और पूरी चुनावी व्यवस्था पर उसे भरोसा रहता है। लेकिन जब जनता उसे नकार देती है, तो वही कांग्रेस ईवीएम, चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी लगातार हो रही चुनावी पराजय के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए। जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने के बजाय कांग्रेस के नेता अपनी विफलताओं का दोष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मढऩे में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति आज ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी हो गई है। चुनाव जीतने पर सब कुछ सही और हारने पर हर व्यवस्था में खामी निकालना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। देश की जनता कांग्रेस की इस दोहरी मानसिकता को अच्छी तरह समझ चुकी है।


