कोयले से लदे चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, केबिन जलकर खाक, दमकल ने मशक्कत के बाद बुझाई आग

कोयले से लदे चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, केबिन जलकर खाक, दमकल ने मशक्कत के बाद बुझाई आग

Lochan Gupta
2 Min Read

रायगढ़। जिले में शुक्रवार शाम कोयले से भरे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग तेजी से केबिन तक फैलने लगी तो ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते ट्रक का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कोयले से लदा एक ट्रक छाल से खरसिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान देहजरी के पास अचानक ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में आग केबिन तक फैलने लगी। आग तेजी से फैलती देख ड्राइवर ने मौका पाकर ट्रक से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। हालांकि आग ने ट्रक के सामने के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इससे सडक़ पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

दमकल ने कई घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग

घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद पुलिस जवान और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

खरसिया थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और ड्राइवर भी सुरक्षित है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article