दहेज प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास-ससुर गिरफ्तार

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। नवविवाहिता की फांसी लगाकर खुदकुशी के मामले में भूपदेवपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। मर्ग जांच में मृतिका को दहेज की मांग को लेकर पति एवं सास-ससुर द्वारा शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का तथ्य सामने आने पर पुलिस ने तीनों के विरुद्ध धारा 80, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जैमुड़ा निवासी श्रीमती नीता पटेल, पति राकेश पटेल, 34 वर्ष की मृत्यु के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। मृतिका का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व ग्राम जैमुड़ा निवासी बंधुराम पटेल के पुत्र राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के करीब एक वर्ष बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल एवं ससुर बंधुराम पटेल द्वारा कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात कहकर उसके साथ विवाद, मारपीट एवं प्रताडऩा की जाती थी। इतना ही नहीं, करीब चार-पांच माह पूर्व आरोपियों द्वारा कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग करते हुए भी मृतिका के साथ विवाद एवं मारपीट की गई थी। लगातार दहेज प्रताडऩा से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा पंचनामा कार्रवाई कराई गई तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना लेख किया गया। मर्ग जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष के परिजनों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि पति, सास एवं ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त किए जाने के कारण मृतिका ने यह कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव द्वारा अग्रिम विवेचना एवं कार्रवाई की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में पति राकेश पटेल 34 वर्ष, ससुर बंधुराम पटेल पिता स्व. संपतलाल 56 वर्ष तथा सास शांति बाई पटेल पति बंधुराम पटेल, 52 वर्ष, तीनों आरोपी ग्राम जैमुड़ा को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।

Share This Article