8 नवंबर से महाकाली पूजा और भव्य मेला, ओपी चौधरी को दिया आमंत्रण

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। खरसिया तहसील के रॉबर्टसन, चपले और बड़े डूमरपाली क्षेत्र में आयोजित होने वाली श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 8 नवंबर से शुरू होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
मेला समिति के मीडिया प्रभारी रविशंकर पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आयोजन को लेकर समिति आवश्यक तैयारियों में जुटी हुई है। इसी क्रम में श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समिति की ओर से पुरुषोत्तम पटेल, श्याम सुंदर पटेल, दिनेश पटेल, किशन डनसेना, बृंद श्रीवास और हितराम राठिया मौजूद रहे।
समिति के सदस्यों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को महाकाली पूजा एवं भव्य मेले में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। समिति के अनुसार, ओपी चौधरी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। उनके सकारात्मक जवाब से आयोजन समिति के सदस्यों में खुशी और उत्साह है। उल्लेखनीय है कि रॉबर्टसन, चपले और बड़े डूमरपाली क्षेत्र में महाकाली पूजा का आयोजन वर्षों से धार्मिक परंपरा और जनआस्था के साथ किया जाता रहा है। इस आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। पूजा के साथ आयोजित होने वाला भव्य मेला भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है। यहां धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले को सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता महाकाली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Share This Article