अमित जोगी 9 को थाने में होंगे पेश, पार्टी बोली- फरार होने की खबरें भ्रामक

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी के फरार होने की खबरों को पार्टी ने भ्रामक बताया है। पार्टी का कहना है कि अमित जोगी 2 से 8 नवंबर तक पहले से तय निजी कार्यक्रम के चलते प्रदेश से बाहर हैं। वे 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद खुद थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने आज थाना प्रभारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमित जोगी की ओर से ई-मेल के माध्यम से भेजा गया जवाब और उनका पक्ष पुलिस के सामने रखा। पार्टी ने कहा कि अमित जोगी के पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम को एफआईआर से जोडक़र उनके फरार होने की खबरें फैलाना गलत है। पार्टी कानून का सम्मान करती है और उसे न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सांकेतिक रूप से शादी और हनीमून के दृश्यों में दिखाया गया था। वीडियो को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई। इसे प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान बताया। इसके विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि, वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर बेडरूम के दृश्य दिखाए गए हैं। उन्होंने वीडियो की पटकथा लिखने वालों, इसे बनाने वाले कैमरामैन और इसमें भूमिका निभाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्नढ्ढक्र में अमित जोगी समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की थी।

Share This Article