पुलिस और समाज के बीच पेश की एक अनूठी मिसाल, पुलिस और समाज का अनूठा संगम – हेल्पिंग हैंड्स और पुलिस ने बेसहारा बच्चों संग मनाई ‘खुशियों की दीपावली’, पुलिस और समाज के बीच पेश की एक अनूठी मिसाल
खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। ‘मानव सेवा ही माधव सेवा’ के पावन ध्येय को आत्मसात करते हुए खरसिया में एक ऐसी मानवीय पहल देखने को मिली, जिसने दीपावली के पर्व को बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों के लिए वास्तव में ‘खुशियों की दीपावली’ बना दिया। समय समय पर धार्मिक और सामाजिक आयोजन के साथ ही जरूरतमंदों की सेवा में हमेशा तत्पर रहने वाले हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और खरसिया पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित ‘अपनों की दीपावली’ कार्यक्रम ने समाज और पुलिस के बीच सेवा, सहयोग और अपनत्व का एक उत्कृष्ट और प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर प्रतिभाशाली बच्चों द्वारा नृत्य, गायन और कविता पाठ प्रस्तुत किया गया उन्हें विशेष उपहार प्रदाय किए गए
पुलिस और जनसहयोग का अनूठा समन्वय
यह आयोजन महज़ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति सच्ची संवेदना का परिचायक था। हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम को खरसिया पुलिस का मजबूत और संवेदनशील सहयोग मिला। कार्यक्रम में एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव, और चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने सहर्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कर अपनी तरफ से भी बच्चों को उपहार सहित अन्य सामग्री भेंट की। पुलिस अधिकारियों का इस तरह वंचित तबके के बच्चों के बीच पहुँचना और उनके संग दीपावली की खुशियाँ साझा करना, यह साबित करता है कि खाकी के पीछे एक संवेदनशील और धडक़ता हुआ दिल भी होता है। पुलिस और पब्लिक के बीच का यह सामंजस्य समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। एसडीएम प्रवीण भगत और एसडीओपी सतीश भार्गव ने सभी बच्चों को ध्यानपूर्वक दिवापली मनाने एवं अन्य कई प्रकार की आवश्यक बाते बताई।
चेहरों पर लौटी मुस्कान, मिलीं खुशियों की सौगातें
दीपावली के इस पावन पर्व पर जब बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों को मिठाइयां चॉकलेट नमकीन और पटाखे भेंट किए गए, तो उनके चेहरों पर जो मासूम मुस्कान खिली, वह देखते ही बनती थी। अभावों में जीने वाले इन बच्चों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था। उनकी खुशी ने इस आयोजन के मुख्य उद्देश्य ‘अपनों की दीपावली’ को पूरी तरह सार्थक कर दिया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस भव्य और सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में हेल्पिंग हैंड्स क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान संरक्षक अवध नारायण बंटी सोनी, प्रदेश अध्यक्ष संस्थापक अंकित अग्रवाल, उपाध्यक्ष जगमीत सिंह विन्नी सलूजा, डॉ. डी.पी. पटेल, समाजसेवी राजेश अग्रवाल धंसु, हनुमान अग्रवाल, रतन अग्रवाल, राकेश केशरवानी, महिला विंग खरसिया की अध्यक्ष आशा अग्रवाल , उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता , रजनी अग्रवाल ,ललिता शर्मा, प्रदेश सदस्य हिमांशु अग्रवाल, संस्कार गोयल , लोकेश गर्ग , निलेश अग्रवाल सहित संस्था के तमाम समर्पित सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने हर एक बच्चे तक पहुँचकर दीपावली की बधाइयां और उपहार वितरित किए।
नगर में हो रही है चहुंओर सराहना
आज खरसिया नगर में इस मानवीय पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य जनों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल सामाजिक संस्थाओं की सेवा भावना को प्रदर्शित करते हैं, बल्कि समाज के अन्य संपन्न वर्गों और प्रबुद्ध नागरिकों को भी आगे आकर वंचित बच्चों के जीवन में उजाला करने के लिए प्रेरित करते हैं। यह पहल इस बात का प्रमाण है कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर ठान लें, तो कोई भी कोना अंधेरे में नहीं रहेगा और हर चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है।

