खरसीया। सिद्धार्थ शर्मा। छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के बैनर तले खरसिया के श्री लखीराम ऑडिटोरियम में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने एसआईआर की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और राजनीतिक अराजकता पर तीखा प्रहार किया।
संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव और राजनीतिक अराजकता
मुख्य वक्ता के रूप में कोरबा से पधारे हितानंद अग्रवाल ने कहा कि आज देश जब वैश्विक पटल पर आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है और दुनिया की 10वीं अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर शीर्ष पायदानों पर पहुंच चुका है, तब हताश विपक्ष देश में सुनियोजित तरीके से अराजकता का माहौल तैयार कर रहा है। एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण या वोटर लिस्ट शुद्धिकरण) जैसी नियमित और पारदर्शी संवैधानिक प्रक्रिया को जानबूझकर वोट चोरी का नाम दिया जा रहा है। चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय जैसी सर्वोच्च संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाना, मार्च निकालकर दबाव बनाने की राजनीति करना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करना विपक्ष की कुंठा को दर्शाता है।
विकसित भारत के संकल्प के साथ एकजुट प्रबुद्ध वर्ग
वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से देश की युवा शक्ति और आम जनमानस में अभूतपूर्व विश्वास जगा है। जनता विपक्ष के इस छद्म और भ्रामक दुष्प्रचार को भली-भांति समझती है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के पदाधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्तागण, जनप्रतिनिधिगण एवं खरसिया क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। जिन्होंने एसआईआर के संबंध में वक्तव्य दिया। इस महत्वपूर्ण वैचारिक आयोजन में लोकतंत्र बचाओ अभियान के खरसिया विधानसभा प्रभारी एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष अवध नारायण बंटी सोनी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक, जिला मंत्री गायत्री केशरवानी, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, जयप्रकाश पटेल, शशिकांत राठौर, जनपद उपाध्यक्ष हितेश गवेल, बलदेव कुर्रे, सतीश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, सेवानिवृत्त शिक्षक, कर्मचारी, माताएं-बहनें और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मतदाता सूची का शुद्धिकरण और घुसपैठियों पर लगाम
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने एसआईआर प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह मतदाता सूची का एक वैज्ञानिक और पारदर्शी शुद्धिकरण है। इसके अंतर्गत मृत, स्थानांतरित या विवाह के पश्चात अन्यत्र गई महिलाओं के नाम उनकी और स्थानीय प्रक्रिया के तहत हटाए जाते हैं ताकि शत-प्रतिशत सटीक और वास्तविक मतदाता सूची तैयार हो सके। उन्होंने दो टूक कहा कि एसआईआर के माध्यम से उन घुसपैठियों की पहचान भी सुनिश्चित हो रही है, जो अवैध रूप से देश के संसाधनों पर कब्जा जमाना चाहते हैं। विडंबना यह है कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए विपक्ष ऐसे तत्वों को खुला संरक्षण दे रहा है, जबकि देश के संसाधनों पर केवल और केवल भारत के मूल नागरिकों का अधिकार है। नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने आज आयोजित संगोष्ठी के संबंध में बताया कि संगोष्ठी में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विदेशी हस्तक्षेप से प्रेरित भ्रामक प्रयासों के प्रति सजग रहते हुए देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए हम सभी को सजग, जागरूक और प्रतिबद्ध रहना होगा। लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय चेतना और संवैधानिक प्रतिबद्धता का आधार है। इसकी मर्यादा बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

