रायपुर। टिकरापारा इलाके में जीजा के सूने मकान से लाखों रुपए के गहने चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फरियादी का सगा साला है। उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी। इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने जीजा के घर चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने उसके पास से करीब 37 लाख रुपए कीमत के 25 तोला सोने के गहने बरामद किए हैं। मामला टिकरापारा के लक्ष्मी नगर का है। अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और उनकी पोस्टिंग कोंडागांव में है। वे अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर स्थित उनके मकान की तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है।
अनिल के मुताबिक, 28 अक्टूबर को घर की साफ-सफाई करने वाली महिला मकान में ताला लगाकर चाबी उनकी मां को दे गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह मां ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। रायपुर पहुंचकर देखा तो कमरे की अलमारी और लॉकर भी टूटे मिले। उनमें रखे सोने, चांदी और हीरे के गहने और नकदी गायब थी। घटना के बाद अनिल ने थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज की जांच में संदिग्ध की पहचान अनिल के साले प्रियंक उर्फ शुभम पांडे (31) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलता रहा, लेकिन सबूतों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था। इस दौरान उसे पता चला कि अलमारी में सोने-चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी रखी है। उसे यह भी जानकारी थी कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान सूना है।
इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई। वारदात के दिन वह दीवार फांदकर घर में घुसा। अपने साथ लाए छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा। फिर अलमारी का लॉकर तोडक़र उसमें रखे गहने और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शक से बचने के लिए कुछ जेवर वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर अलमारी में रख दिया था। उसे उम्मीद थी कि इससे चोरी का पता तुरंत नहीं चलेगा। पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पांडे के कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी मूल रूप से महासमुंद के कोतवाली थाना क्षेत्र के पंजाबी पारा का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के टिकरापारा स्थित प्रिंस कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ टिकरापारा थाने में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
साले ने जीजा के घर से चुराए 37-लाख के गहने
ऑनलाइन जुए में कर्ज हुआ तो वारदात को दिया अंजाम, ग्राइंडर से तोड़ा ताला

