छत्तीसगढ़ राज्योत्सव… 1 से 3 तक होगा भव्य आयोजन

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से लेकर अमित शाह करेंगे शिरकत

Gupta Lochan
1 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के गौरवशाली 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में भव्य राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनसामर्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को समर्पित होगा। इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जो महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए नए आजीविका अवसरों को रेखांकित करती है। तीन दिवसीय इस राज्योत्सव का शुभारंभ कल 1 नवंबर को होगा। शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया होंगे।
इसके बाद 2 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 3 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे। राजधानी के अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव के जिला-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Share This Article