10 लाख का ट्रक जप्त, जामपाली से अकलतरा के लिए निकला कोयला पहुंचा ईंट भ_ों तक

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे अन्यत्र बेचने वाले आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जप्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार 08 मई को प्रार्थी विवेक पाण्डेय, निवासी बोईरदादर रायगढ़ ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ में कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है। जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा कोयला परिवहन के लिए डालाबाड़ी ट्रक क्रमांक सीजी-12-एस-4455 के चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से कोयला परिवहन का सौदा तय हुआ। इसके बाद उसी शाम ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा प्लांट के लिए रवाना किया गया था। अगले दिन तक वाहन गंतव्य तक नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर पहले उसने फोन नहीं उठाया और करीब 10 दिन बाद फोन रिसीव कर कोयला अन्यत्र बेच देने की बात कही तथा जो करना है कर लेने की धमकी दी। इस प्रकार चालक ने करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के कोयले की धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत किए जाने की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में धारा 318(4), 316(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस दौरान आरोपी के बिहार के रोहतास जिले स्थित गांव में होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार जाकर आरोपी ललन कुमार पासवान पिता स्व. केदार पासवान, 57 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

Share This Article