पत्नी के सिर पर रिंग पाना से किया जानलेवा हमला

पत्थलगांव में पत्नी के सवाल पूछने पर भडक़ा था, तीन महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
3 Min Read

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पत्नी पर लोहे के रिंग पाना से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मोटरसाइकिल के पहिए के नट खोलने-कसने में इस्तेमाल होने वाले रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार किए थे। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने 30 अक्टूबर को उसे उसके ही गांव से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम झक्कड़पुर के बंधन पारा की है। 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी करम साय तिर्की अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछ लिया कि वह क्या खोज रहा है। पत्नी का सवाल सुनकर आरोपी आक्रोशित हो गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। हमले में नबिना तिर्की के सिर में तीन जगह गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। घायल महिला को इलाज के लिए पत्थलगांव के डिवाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीडि़ता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। पुलिस ने पीडि़ता, प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
घटना के बाद से ही आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी करम साय तिर्की (36), निवासी झक्कड़पुर (बंधन पारा), थाना पत्थलगांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार ने बताया कि पत्नी पर लोहे के रिंग पाना से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article