रायगढ़. जिले के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और अव्यवस्था का संकट लगातार गहराते जा रहा है। इसकी अव्यवस्था को लेकर विगत दिनों विरोध करने पर व्यवस्था में सुधार करने के लिए कहा गया था, लेकिन अभी तक काम नहंीं होने से शुक्रवार को छात्रों ने प्रचार्य कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और जमकर विरोध दर्ज कराया।
उल्लेखनीय है कि पालिटेक्निक हास्टल की व्यवस्था सुधारने के लिए कुछ माह पूर्व छात्रों के आंदोलन के बाद आश्वासन मिला था कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा, लेकिन अब समय बित जाने के बाद भी कुछ काम नहीं हो पाया है। इसको लेकर शुक्रवार को एबीवीपी छात्रों ने हॉस्टल की बदहाली, जर्जर भवन, सुरक्षा में गंभीर चूक और जिम्मेदारों की अनदेखी को लेकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेताओं ने प्रबंधन को अंतिम चेतावनी देते हुए उग्र आंदोलन की बात कही है। हॉस्टल की चरमराती व्यवस्था को लेकर बीते महीनों में जब छात्रों का आक्रोश सामने आया था, तब चक्रधर नगर थाना प्रभारी और रायगढ़ के नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। अधिकारियों ने हॉस्टल के हालात पर कॉलेज प्रबंधन को व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने की बात कही थी, साथ ही प्रबंधन ने उस दौरान तमाम समस्याओं का जल्द निराकरण करने का लिखित-मौखिक आश्वासन देकर मामले को शांत किया था। लेकिन महीनों बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। हॉस्टल की छतों पर झाडिय़ां और घास उग आई हैं, बारिश में छतों से पानी टपकती हैं और दीवारों में सीलन की वजह से बिजली का करंट दौडऩे लगा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इससे वहां रहने वाले छात्र काफी परेशान है।
एबीवीपी ने उठाए गंभीर सवाल
छात्रों की परेशानी को लेकर मैदान में उतरे एबीवीपी के पदाधिकारी शिवम मिश्रा ने कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बजट और फंड होने के बावजूद हॉस्टल को जानबूझकर जर्जर अवस्था में छोड़ दिया गया है। हॉस्टल में रहने वाले प्रत्येक छात्र से सालाना सात हजार रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन छात्रों को बदले में सिर्फ नारकीय जीवन मिल रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन छात्रों से लिए गए पैसों का कोई पारदर्शी हिसाब नहीं दे पा रहा है, यहाँ तक कि हॉस्टल का बिजली बिल तक बकाया पड़ा हुआ है।
गंदगी के बीच हास्टल संचालित
छात्र नेताओं ने हॉस्टल के जमीनी हालात बयां करते हुए बताया कि परिसर में चारों ओर गंदगी का अंबार है, शौचालयों में दरवाजे तक नहीं लगे हैं और खिड़कियों की जालियां टूटी होने के कारण कमरों में सांप, बिच्छू, मच्छर और मक्खियां घुस रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल के केयरटेकर से जब भी बुनियादी जरूरतों या सुरक्षा को लेकर शिकायत की जाती है, तो वह समस्याओं का समाधान करने के बजाय छात्रों की अनदेखी कर उन्हें टरका देता है। सुरक्षा में लगातार हो रही इस बड़ी चूक को लेकर छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अविलंब स्थायी समाधान नहीं निकला, तो अब उग्र आंदोलन होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

