‘‘ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. डी. पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में रहे उपस्थित; कहा—‘साहित्य की चेतना से जुडऩा आज के समय में अनिवार्य, साहित्य ही सिखाता है मनुष्यता’, साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात कवि अरुण कमल का रायगढ़ आगमन बना ऐतिहासिक उपलब्धि, अपनी प्रसिद्ध कालजयी कविता ‘धार’ का किया पाठ, ब्रिटेन से पधारे कथाकार तेजेंद्र शर्मा का प्रवासी साहित्य पर सारगर्भित व्याख्यान, नीदरलैंड से मनीष पांडेय ‘मनु’ और बुल्गारिया से डॉ मौना कौशिक की रही प्रेरक सहभागिता, मंच से हुआ 10 महत्वपूर्ण साहित्यिक ग्रंथों का एक साथ भव्य लोकार्पण, कनाडा से डॉ. स्नेह ठाकुर ने वक्तव्य सह किया काव्य पाठ; कुलपति प्रो. विनय चौहान ने आयोजन को बताया अंचल का गौरव’’
रायगढ़। विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास (पंजी.), रायगढ़; केंद्रीय हिन्दी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली; शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) एवं देवम फाउंडेशन, बुल्गारिया (यूरोप) के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘इक्कीसवीं सदी का हिन्दी साहित्य : विविध परिदृश्य’ का प्रथम दिवस शुक्रवार को शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में अभूतपूर्व अकादमिक गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार देश के 15 से अधिक राज्यों और 7 देशों से पधारे शीर्ष साहित्यकार, विद्वान, कुलपति, प्राध्यापक एवं शोधार्थी प्रत्यक्ष रूप से रायगढ़ पहुंचे और पहले दिन के वैचारिक मंथन के साक्षी बने।
मुख्य अतिथि प्रो. आर. डी. पाटीदार का सारगर्भित संबोधन
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि ओ. पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ के कुलपति प्रो. आर. डी. पाटीदार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज के तकनीकी और आपाधापी भरे दौर में साहित्य की चेतना से जुडऩा अत्यंत आवश्यक और अपरिहार्य हो चुका है। उन्होंने रेखांकित किया कि साहित्य ही वह माध्यम है जो हमें वास्तविक अर्थों में मनुष्यता सिखाता है, संवेदनाओं को जीवित रखता है और समाज को मूल्यपरक दृष्टि देता है। प्रो. पाटीदार ने कहा कि रायगढ़ जैसे सांस्कृतिक अंचल में देश-विदेश के मूर्धन्य विद्वानों का एक मंच पर जुटना और इस प्रकार का अंतरराष्ट्रीय भव्य आयोजन होना समूचे क्षेत्र के लिए अपार हर्ष और गौरव का विषय है।
प्रख्यात कवि अरुण कमल का आगमन रायगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि, ‘धार’ कविता का किया पाठ
साहित्य अकादमी पुरस्कार, भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित देश के प्रख्यात कवि व विचारक अरुण कमल का रायगढ़ आगमन समूचे अंचल के लिए एक बहुत बड़ी साहित्यिक उपलब्धि साबित हुआ। उन्होंने मंच से अपनी सुप्रसिद्ध एवं कालजयी कविता ‘धार’ का प्रभावशाली पाठ किया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूँज उठा। उनकी उपस्थिति और काव्य-पाठ ने संगोष्ठी के प्रथम दिवस को ऐतिहासिक ऊँचाई प्रदान की।
ब्रिटेन से तेजेंद्र शर्मा का प्रवासी साहित्य पर विस्तृत विमर्श एवं मनीष पांडेय की सहभागिता
ब्रिटेन से विशेष रूप से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ कथाकार तेजेंद्र शर्मा ने प्रवासी हिन्दी साहित्य की अवधारणा, उसकी अंतर्वस्तु और वैश्विक सरोकारों पर अत्यंत सारगर्भित एवं गंभीर व्याख्यान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवासी साहित्य अब केवल पुरानी स्मृतियों, नोस्टैल्जिया या वतन की यादों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह विदेशी जमीन पर भारतीय अस्मिता के संघर्ष, सांस्कृतिक समन्वय, स्थानीय समाज के अंतर्विरोधों और वैश्विक मानवीय मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा के हिन्दी साहित्य और प्रवासी साहित्य के बीच निरंतर संवाद आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी क्रम में नीदरलैंड से आए प्रतिष्ठित प्रवासी साहित्यकार मनीष पांडेय ‘मनु’ ने भी संगोष्ठी में सक्रिय रूप से सहभागिता की। उन्होंने मुख्य आयोजक प्रो. मीनकेतन प्रधान के अनथक श्रम और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि नए और पुराने रचनाकारों को एक ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाकर उन्होंने समूचे हिन्दी जगत के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मंच से 10 साहित्यिक ग्रंथों का भव्य लोकार्पण
समारोह के दौरान उद्घाटन सत्र में मंचासीन अतिथियों एवं मूर्धन्य विद्वानों के कर-कमलों द्वारा हिन्दी साहित्य, आलोचना, लोक-संस्कृति एवं समकालीन विमर्शों पर आधारित एक साथ 10 महत्वपूर्ण ग्रंथों का भव्य लोकार्पण किया गया। उपस्थित विद्वानों ने इसे विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास की स्थायी और ऐतिहासिक सारस्वत उपलब्धि बताया।
कविता, उपन्यास, आलोचना और समकालीन सरोकारों पर सारस्वत विमर्श
अकादमिक सत्रों में वैचारिक मंथन का दायरा अत्यंत समृद्ध रहा
पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक धरोहर: मिज़ोरम केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. सुशील कुमार शर्मा ने पूर्वोत्तर भारत के साहित्यिक अवदान और सांस्कृतिक विशिष्टताओं को रेखांकित करते हुए जनजातीय समाज की सादगी, ईमानदारी, सहजता और विधि-सम्मत जीवन-शैली से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। कविता की शाश्वत प्रासंगिकता- जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के डॉ. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने साहित्य की तमाम विधाओं में कविता को सर्वोपरि और कालजयी बताते हुए स्पष्ट किया कि गद्य की विधाएँ चाहे जितनी भी सक्रिय हों, कविता सदैव मानव चेतना की स्थायी और प्रमुख विधा बनी रहेगी। उपन्यास का विराट फलक: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर की प्रो. गौरी त्रिपाठी ने समकालीन उपन्यास-साहित्य पर प्रकाश डालते हुए काशीनाथ सिंह, शिवमूर्ति और अखिलेश जैसे कथाकारों की कृतियों का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि जीवन और यथार्थ के व्यापक फलक को उद्घाटित करने के लिए पाठक और समीक्षक दोनों को अंतत: उपन्यास के पास ही लौटना पड़ता है। आलोचना का संकट और व्यावहारिक चुनौतियाँ: डॉ. पुनीत कुमार राय ने समकालीन लेखन पर गंभीर सवाल उठाते हुए चिंता जताई कि आज की रचनाएँ पूर्ववर्ती साहित्य की भाँति लोक-जुबान पर मुहावरों और नारों की तरह क्यों नहीं चढ़ पा रही हैं। उन्होंने समकालीन परिदृश्य में डॉ. नामवर सिंह और डॉ. रामविलास शर्मा जैसे आलोचनात्मक कद के अभाव, पुरस्कार-संस्कृति, प्रकाशन विसंगतियों और अकादमिक नियुक्तियों की सीमाओं को गंभीर साहित्य-सृजन का बाधक तत्व बताया। सत्रों का सार-संक्षेप : पूर्व आचार्य डॉ. राजेश दुबे ने प्रथम एवं द्वितीय सत्र के वक्तव्यों की सूक्ष्म समीक्षा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन विमर्शों में उठने वाले गंभीर प्रश्न ही ऐसे आयोजनों को वास्तविक सार्थकता प्रदान करते हैं और भावी साहित्य की दिशा तय करते हैं।
देश-विदेश के आमंत्रित विद्वानों की रायगढ़ में गरिमामयी उपस्थिति
संगोष्ठी के पहले दिन देश-विदेश से आमंत्रित सभी प्रमुख विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें बुल्गारिया से सोफिया विश्वविद्यालय की डॉ. मौना कौशिक, दिनेश कुमार माली (ओडिशा), प्रमोद झा (मुरादाबाद), डॉ. सुषमा देवी (नालंदा वि.वि.), डॉ. सुरुचि मिश्रा, डॉ. राजेश दुबे, डॉ. सीमा रानी प्रधान, डॉ. बेठियार सिंह साहू, डॉ. रमेशचन्द्र श्रीवास्तव तथा शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलसचिव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संगोष्ठी के उद्घाटन एवं प्रथम दिवस के विभिन्न सत्रों का अत्यंत प्रभावी, सधा हुआ और कुशल संचालन विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ की अधिष्ठाता प्रोफेसर रवींद्र कौर चौबे तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. सौरभ सराफ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रथम दिवस के समापन पर देश-विदेश से जुड़े सैकड़ों शोधार्थियों और प्राध्यापकों ने हाइब्रिड माध्यम से भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। संगोष्ठी के दूसरे दिन 31 अक्टूबर को विभिन्न समानांतर तकनीकी सत्रों में शोध-पत्रों का वाचन और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. विनय चौहान ने बताया अंचल का गौरव
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय चौहान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि इतने सारे सुधी साहित्यकारों और प्रबुद्ध चिंतकों का देश-विदेश से विश्वविद्यालय परिसर में एकत्रित होना केवल विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे अंचल के लिए ऐतिहासिक गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इन मूर्धन्य मनीषियों ने अपनी पावन उपस्थिति से समूचे अंचल को गौरवान्वित किया है। इसके साथ ही उन्होंने विश्व हिन्दी अधिष्ठान के संस्थापक-अध्यक्ष एवं मुख्य संयोजक प्रो. मीनकेतन प्रधान की भूरि-भूरि सराहना करते हुए उन्हें इस संपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मजबूत रीढ़ बताया।
वैश्विक प्रसार और सरकारी योजनाओं पर मंथन
कनाडा से पधारीं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार डॉ. स्नेह ठाकुर ने विचारोत्तेजक वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए हिन्दी साहित्य के वैश्विक प्रसार में इस प्रकार के आयोजनों की महत्ता को रेखांकित किया और इसके साथ ही अपनी भावपूर्ण कविताओं का सस्वर पाठ किया। केंद्रीय हिन्दी निदेशालय, नई दिल्ली के सहायक निदेशक डॉ. दीपक पांडेय ने निदेशालय द्वारा हिन्दी भाषा और साहित्य के संवर्धन हेतु संचालित विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय योजनाओं, वित्तीय अनुदानों एवं कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा साझा किया। उन्होंने साहित्यकारों और शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे संस्थागत कार्यक्रमों, अध्ययन-भ्रमण और विशिष्ट व्याख्यानों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

