जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय मूक-बधिर दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गांव के ही 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रहास कुमार के रूप में हुई है। पीडि़ता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे की है। पीडि़ता का भाई शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाडिय़ों की तरफ से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, वहां उसने अपनी 37 वर्षीय दिव्यांग बहन के साथ गांव के ही चंद्रहास कुमार को खेत के पास दुष्कर्म करते हुए देखा। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, भाई को मौके पर आता देखकर आरोपी अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन वहीं छोडक़र भाग गया।
घटना के अगले दिन 26 अक्टूबर को पीडि़ता के भाई ने तुमला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 64(2) (आई) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चंद्रहास कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। तुमला थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार
जशपुर के तुमला थाना क्षेत्र का मामला

