जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए नहीं लगानी पड़ी दौड़, चंद दिनों में ही सेवा सेतु पोर्टल से मिला प्रमाण-पत्र

भारती गुप्ता ने कहा शासकीय योजनाओं का लाभ लेना हुआ आसान, डिजिटल सुविधा से समय और मेहनत की हुई बचत

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल पहल सेवा सेतु ऑनलाईन पोर्टल आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सरल और सुलभ बना रही है। इसके माध्यम से चंद दिनों में ही घर बैठे जरूरी प्रमाण-पत्र उपलब्ध हो जा रहे है। अब विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए किसी भी सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इससे समय, श्रम और खर्च की बचत हो रही है।
गौरतलब है कि घरघोड़ा तहसील के ग्राम अमलीडीह निवासी भारती गुप्ता ने बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ जाति प्रमाण पत्र के लिए 26 अक्टूबर को घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया। जो 28 अक्टूबर को अनुमोदन हो गया। अब वे शैक्षणिक कार्यों और पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रमाण पत्र का उपयोग कर सकेंगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन को धन्यवाद दिया।

सेवा सेतु पोर्टल से आम नागरिकों को मिल रही सुविधा

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल प्रभावी माध्यम के रूप में उभर रहा है। डिजिटल सुशासन की इस अभिनव पहल के तहत अब प्रदेश के नागरिकों को 450 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन, श्रम एवं राजस्व विभाग की सेवाएं सहित विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Share This Article