चोरों को पकडऩे शक्कर की बोरी में लगाया जीपीएस, 5 गिरफ्तार

सरकारी-दुकानों को बनाते थे निशाना, 2 कार समेत 38.60 लाख की संपत्ति जब्त

Gupta Lochan
6 Min Read

रायगढ़। सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की सलाह पर शक्कर की बोरी में जीपीएस ट्रैकर लगाया गया था। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात कोटमर्रा की राशन दुकान में चोरी के बाद आरोपी ट्रैकर लगी बोरी भी ले गए।
जीपीएस के संकेतों के आधार पर पुलिस पत्थलगांव पहुंची और 4 आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर, एक क्रेटा और एक इनोवा कार समेत कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों ने पुसौर क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई है। पुलिस को गिरोह के दूसरे समूहों से जुड़े होने का भी संदेह है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुसौर थाना क्षेत्र में इस साल अलग-अलग गांवों की सरकारी राशन दुकानों में चोरी की कई घटनाएं हुईं। चोर दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चुराकर ले जाते थे। औरदा गांव में 15 बोरी चावल और 10 बोरी शक्कर, तड़ोला में 40 बोरी चावल और कवाहरिहा में 55 बोरी चावल और 8 बोरी शक्कर चोरी हुई। चिखली में 20 बोरी चावल, बासनपाली में 44 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर, जबकि बोंडा में 42 बोरी चावल और 14 बोरी शक्कर चोरी हुई। वहीं, खोखरा में 30 बोरी चावल चोरी हुए। कोटमर्रा में चोरी की दो घटनाएं हुईं। पहली घटना में 40 बोरी चावल और 9 बोरी शक्कर, जबकि दूसरी घटना में 32 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर चोरी हुई। कोडोली में 55 बोरी चावल और 3 बोरी शक्कर, घुटकुपाली में 40 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर चोरी हुई। इसके अलावा नवापारा में 28 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर, जबकि तिलगी में 22 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर चोरी हुई। 24 जुलाई को ग्राम पंचायत भवन कोंडपाली और 15 सितंबर को ग्राम नवापारा की सरकारी उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगातार हो रही चोरियों से परेशान राशन दुकान संचालकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह और थाना प्रभारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनाओं का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे। रात के समय राशन दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की बोरियां चोरी करते और तुरंत फरार हो जाते थे। अलग-अलग गांवों में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा होने के कारण पुलिस को संगठित गिरोह के शामिल होने का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र के राशन दुकान संचालकों की बैठक ली। इसमें दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ जीपीएस ट्रैकर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
पुलिस की सलाह पर कुछ राशन दुकान संचालकों ने ऑनलाइन जीपीएस ट्रैकर मंगवाए। एक संचालक ने शक्कर की बोरी में ट्रैकर छिपाकर रख दिया। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोटमर्रा की सरकारी राशन दुकान में चोरी हुई। आरोपी दूसरी बोरियों के साथ जीपीएस ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी उठा ले गए। उन्हें बोरी में ट्रैकर लगे होने की जानकारी नहीं थी। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जीपीएस ट्रैकर के संकेतों से आरोपियों के रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की टीम भी कार्रवाई में शामिल हुई। संयुक्त टीम ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची। वहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर (52) के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली।
पूछताछ में सेवाल कुजूर ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद हफीज (26), निवासी शांतिनगर तिलडेगा; समीर आलम (26), निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज; डमरूधर खूंटे (36) और संतोष कुमार माहेश्वरी (33), दोनों निवासी गोढ़ीकेला, पत्थलगांव, चोरी का सामान बेचने के इरादे से उसके पास छोडक़र गए थे। इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सेवाल कुजूर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की। दोनों गाडिय़ों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पहले भी चोरी का सामान सेवाल कुजूर को बेचने की जानकारी दी है। आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई है। मामले में चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित होकर अपराध करने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 317(4), 111 और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने अब तक 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा और इनोवा कार की कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय दूसरे समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस संबंध में आगे जांच की जा रही है।

Share This Article