जशपुर। लोन दिलाने का झांसा देकर सिक्योरिटी मनी के नाम पर 1 लाख 93 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने एक आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर प्रार्थी को 10 लाख रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिया था।
रकम लेने के बाद आरोपी और उसके साथी फरार हो गए थे। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर, तिलडेगा निवासी गजानंद चौहान (36) को वर्ष 2025 में लोन की जरूरत थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने उसे फोन किया। उसने खुद को सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी बताया और कहा कि लोन की फाइल उसके पास आई है। आरोपी ने प्रार्थी को 10 लाख रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए कंपनी में सिक्योरिटी मनी जमा करने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, चंद्रमणि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सिक्योरिटी मनी के नाम पर प्रार्थी से कुल 1 लाख 93 हजार रुपए ले लिए। रकम मिलने के बाद तीनों फरार हो गए।
बैंक खातों के लेनदेन से मिला सुराग
ठगी का पता चलने पर प्रार्थी ने 3 अगस्त 2026 को पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक से लेनदेन की जानकारी जुटाई। इसी बीच चंद्रमणि देवदास के भिलाई में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम भिलाई पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पत्थलगांव लाई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। ठगी की रकम अन्य लोगों के बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त की गई थी, जिसका इस्तेमाल आरोपी ने अपने घरेलू खर्च में किया।
26 अक्टूबर को गिरफ्तारी, दो आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद चंद्रमणि देवदास (33), निवासी भिलाई-3, जिला दुर्ग को 26 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी बोले- जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास
पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार ने बताया, लोन दिलाने के नाम पर सिक्योरिटी मनी लेकर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

