नौकरी के लिए रूस गया युवक लापता, बहन बोली- बंधक बनाकर पीटा, ड्रग्स केस में फंसाया, पुलिस ने एंबेसी को भेजा लेटर

Gupta Lochan
4 Min Read

बिलासपुर। बिलासपुर से नौकरी की तलाश में रूस गया युवक 7 अक्टूबर से लापता है। इसके बाद से परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। युवक की बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई को रूस में बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ मारपीट की गई है। बहन का कहना है कि भाई पर युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था। इनकार करने पर उसे पीटा गया। जब विनीत ने उनकी बात नहीं मानी तो उसे ड्रग्स से जुड़े झूठे मामले में फंसा दिया गया है। परिवार ने बिलासपुर कलेक्टर और स्स्क्क से मुलाकात कर युवक की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी है। वहीं, पुलिस ने मामले में रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मदद मांगी है।
बिल्हा के विनीत कुमार दुबे ने दसवीं तक पढ़ाई की है। परिवार के मुताबिक, विनीत ने नौकरी की तलाश में रूस जाने की बात कही थी। इसके बाद वह 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि 7 अक्टूबर के बाद से विनीत से संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार के मुताबिक, विनीत को टेलीग्राम के एक ग्रुप के जरिए रूस में नौकरी की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि रूस पहुंचने के बाद उसकी परेशानी बढऩे लगी। उसे भारतीय दूतावास जाने नहीं दिया गया और मॉस्को के एक होटल में रोककर रखा गया। इसके बाद उसे वोल्गोग्राद भेज दिया गया, जहां उसे एक अपार्टमेंट में रखा गया था। विनीत की बहन आशी दुबे ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग उसके भाई को कार में बैठाकर किसी अनजान जगह पर ले गए। बहन का आरोप है कि वहां विनीत पर रेजिडेंसी हासिल करने और युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया गया। जब उसने युद्ध में जाने से इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे भूखा रखकर परेशान किया गया। परिवार का यह भी आरोप है कि विनीत को ड्रग्स से जुड़े एक मामले में फंसाने की धमकी देकर स्थानीय लोगों की बात मानने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

व्हाट्सएप के जरिए मिली जानकारी

परिवार के मुताबिक, विनीत के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें किशोर नाम के एक युवक से मिली। किशोर ने व्हाट्सएप के जरिए परिवार से संपर्क किया था। इसके बाद से परिजन विनीत की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। परिवार ने बिलासपुर के एसएसपी और कलेक्टर से मुलाकात कर मामले में मदद करने और विनीत को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।

रूसी दूतावास व विदेश मंत्रालय से किया संपर्क- एसएसपी

परिवार की शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले में रूसी दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। अब संबंधित एजेंसियों के जवाब का इंतजार है, ताकि विनीत की स्थिति और उसकी सुरक्षा के बारे में जानकारी मिल सके। परिवार की मांग है कि विनीत का जल्द पता लगाया जाए और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। परिजनों ने केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से भी मामले में दखल देने की अपील की है। फिलहाल विनीत कहां है और उसकी हालत कैसी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Share This Article