पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में किया प्रदर्शन

भाजयुमो ने कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े का फुका पुतला

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान की गई अभद्र और अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह के मार्गदर्शन एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में भी भाजयुमो द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा रायगढ़ के जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय से रैली निकालकर गांधी प्रतिमा चौक तक पहुंचे और वहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोकतंत्र में ऐसी भाषा स्वीकार नहीं हो सकती।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की ओछी भाषा का प्रयोग करना उनकी मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। कांग्रेस अपनी लगातार हार से बौखला गई है और अनर्गल बयानबाजी कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के नेता हैं। उनका अपमान पूरे देश का अपमान है। भाजयुमो जिला महामंत्री त्रिलोचन राठिया और उमाशंकर शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन असंसदीय और अमर्यादित भाषा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस को इस कृत्य के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। इस पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article