रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास, रायगढ़, केंद्रीय हिन्दी निदेशालय नई दिल्ली, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) एवं देवम फाउंडेशन (बुल्गारिया) के संयुक्त तत्त्वावधान में आगामी 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने जा रही दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘इक्कीसवीं सदी का हिन्दी साहित्य : विविध परिदृश्य’ की तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की व्यापक रूपरेखा, तकनीकी प्रबंधन तथा अकादमिक सत्रों के सफल संचालन को लेकर शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय के साथ विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास (पंजीकृत) के संस्थापक-अध्यक्ष एवं संगोष्ठी के मुख्य संयोजक डॉ. मीनकेतन प्रधान की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र, समानांतर तकनीकी सत्रों, हाइब्रिड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) व्यवस्थाओं, देश-विदेश से आमंत्रित अतिथियों के सत्कार तथा सारस्वत मंथन के विभिन्न आयामों पर बिंदुवार विचार-विमर्श करते हुए अंतिम कार्ययोजना तय की गई।
विश्व फलक के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकारों एवं शीर्ष विचारकों की गरिमामयी उपस्थिति
यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर हिन्दी साहित्य के सबसे बड़े अकादमिक समागमों में से एक सिद्ध होने जा रही है। आयोजन में राष्ट्रपति पुरस्कार से अलंकृत कनाडा की वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार डॉ. स्नेह ठाकुर, ब्रिटेन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिन्दी कथा-साहित्य के जाने-माने हस्ताक्षर श्री तेजेंद्र शर्मा, साहित्य अकादमी पुरस्कार एवं भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित प्रख्यात कवि व विचारक श्री अरुण कमल, सोफिया विश्वविद्यालय के इंडोलॉजी विभाग तथा देवम फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. मौना कौशिक (बुल्गारिया), नीदरलैंड से सक्रिय एवं प्रतिष्ठित प्रवासी साहित्यकार श्री मनीष पांडेय ‘मनु’, थावे विद्यापीठ (गोपालगंज, बिहार) के माननीय कुलपति तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विनय कुमार पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। देश और दुनिया के अलग-अलग कोनों से पधार रहे इन मूर्धन्य साहित्यकारों, विचारकों और अकादमिक नेतृत्वकर्ताओं के एक मंच पर जुटने से समकालीन साहित्यिक विमर्श को अभूतपूर्व दिशा और व्यापक वैश्विक दृष्टि प्राप्त होगी।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के कई शीर्ष कुलपति, शिक्षाविद्, प्राध्यापक एवं प्रमुख वक्ता सम्मिलित होंगे, जिनमें डॉ. केशरीलाल वर्मा (कुलपति – छत्रपति शिवाजी महाराज यूनिवर्सिटी, मुंबई), प्रो. नंदिनी साहू (कुलपति – हिन्दी विश्वविद्यालय, हावड़ा, पश्चिम बंगाल), डॉ. आर. डी. पाटीदार (कुलपति – ओ. पी. जिंदल यूनिवर्सिटी, रायगढ़), डॉ. चित्तरंजन कर (साहित्यकार, रायपुर), डॉ. प्रभात त्रिपाठी (साहित्यकार, रायगढ़), प्रो. सुशील कुमार शर्मा (केन्द्रीय वि. वि., आइजोल, मिज़ोरम), प्रो. सिद्धार्थ शंकर (जयप्रकाश वि.वि., छपरा, बिहार), डॉ. गौरी त्रिपाठी (गुरु घासीदास केंद्रीय वि. वि., बिलासपुर), श्री दिनेश कुमार माली (साहित्यकार, ओडिशा), डॉ. रामनारायण पटेल (प्राध्यापक, दिल्ली विश्वविद्यालय), श्री प्रमोद झा (साहित्यकार, मुरादाबाद), डॉ. सुषमा देवी (नालंदा वि. वि., बिहार), डॉ. पुनीत कुमार राय (शा. महा. शंकरगढ़), डॉ. सुरुचि मिश्रा (डी. एल. एस. पी. जी. महा. बिलासपुर), श्री लिंगम चिरंजीव राव (विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश), डॉ. राजेश दुबे, डॉ. सीमा रानी प्रधान (शा. नवीन कन्या महा., रायपुर), डॉ. बेठियार सिंह साहू (जयप्रकाश वि.वि., छपरा), डॉ. रमेशचन्द्र श्रीवास्तव (साहित्यकार, बिलासपुर), डॉ. सौरभ सराफ (दिल्ली विश्वविद्यालय) तथा डॉ. तरुणधर दीवान (कुलसचिव, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़) शामिल रहेंगे।
चार प्रतिष्ठित संस्थाओं का संयुक्त तत्त्वावधान और अंतरराष्ट्रीय समन्वय साहित्य, संस्कृति और अकादमिक शोध की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 30 अक्टूबर को प्रात: 10:30 बजे से शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ के सभागार में कार्यक्रम का विधिवत आरंभ होगा। आयोजन की सफलता के लिए एक सुदृढ़ संचालन समिति गठित की गई है। मुख्य संरक्षक एवं संयोजक डॉ. मीनकेतन प्रधान के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ की डॉ. रवींद्र कौर चौबे, राजेंद्र महाविद्यालय (जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा, बिहार) के डॉ. बेठियार सिंह साहू तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. सौरभ सराफ सह-संयोजक के रूप में उत्तरदायित्व संभाल रहे हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय समन्वय और वैश्विक सहभागिता का दायित्व सोफिया विश्वविद्यालय (बुल्गारिया) की डॉ. मौना कौशिक एवं नीदरलैंड से श्री मनीष पांडेय ‘मनु’ को सौंपा गया है।
इक्कीसवीं सदी के समकालीन साहित्य और बदलते सामाजिक सरोकारों पर गंभीर विमर्श
इक्कीसवीं सदी के प्रारंभिक ढाई दशकों में वैश्वीकरण, उदारीकरण, बाजारवाद, वैज्ञानिक क्रांति और तेजी से बदलते सामाजिक ढाँचों ने हिन्दी साहित्य के सरोकारों को नए रूप दिए हैं। संगोष्ठी का मूल उद्देश्य इन्हीं वैचारिक, भाषिक और शिल्पगत परिवर्तनों का मूल्यांकन करना है।
इस दो दिवसीय संगोष्ठी में हिन्दी की विविध विधाओं—समकालीन कविता, नवगीत, गजल, युवा कविता, उपन्यास, कहानी, लघुकथा, नाटक, रंगमंच, व्यंग्य, संस्मरण, आत्मकथा, डायरी और यात्रा-वृत्तांत पर गहन अकादमिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक न्याय, मानवीय गरिमा और समावेशी मूल्यों को रेखांकित करने वाले स्त्री-विमर्श, दलित साहित्य, आदिवासी जीवन, किन्नर विमर्श, वृद्ध विमर्श, दिव्यांग विमर्श तथा अल्पसंख्यक समुदायों की साहित्यिक अभिव्यक्तियों पर केंद्रित शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सोशल मीडिया और डिजिटल दौर की नई चुनौतियाँ
वर्तमान दौर में सूचना क्रांति, इंटरनेट और विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने लेखन, प्रकाशन और पाठकीयता की दुनिया में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। इन नई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संगोष्ठी में ‘तकनीक, एआई और हिन्दी साहित्य’, ‘सोशल मीडिया और समकालीन लेखन’, ‘डिजिटल मंच और नई साहित्यिक विधाएँ’ जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र रखे गए हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि शोध-पत्रों में मौलिकता और अकादमिक ईमानदारी सर्वोपरि है। तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय नैतिक मानदंडों (सीआपीई गाइडलाइंस) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शोध की प्रामाणिकता अक्षुण्ण रहे।
शोधार्थियों के लिए अद्वितीय अवसर एवं आईएसबीएन युक्त पुस्तक में प्रकाशन
यह संगोष्ठी देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के युवा प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर प्रस्तुत कर रही है, जहाँ उन्हें स्थापित अंतरराष्ट्रीय विद्वानों के सम्मुख अपने शोध-निष्कर्ष प्रस्तुत करने और संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा। संगोष्ठी में प्रस्तुत किए जाने वाले शोध-पत्रों में से विशेषज्ञ समिति द्वारा चयनित उत्कृष्ट एवं मौलिक आलेखों को विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास द्वारा ढ्ढस्क्चहृ युक्त पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा, जो आने वाले समय में समकालीन हिन्दी साहित्य के अध्ययन के लिए एक मानक संदर्भ ग्रंथ बनेगी।
इस अन्तरराष्ट्रीय आयोजन में 7 अलग अलग देशों के विद्वान, शोधार्थी एवं देश के लगभग 15 से अधिक राज्यों के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, प्राध्यापकों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी। विश्व हिन्दी अधिष्ठान न्यास एवं आयोजन समिति ने समस्त शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और सुधी साहित्य-प्रेमियों से इस अंतरराष्ट्रीय वैचारिक महाकुंभ में प्रत्यक्ष अथवा आभासी (ऑनलाइन) माध्यम से जुडक़र इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया है।

