रायगढ़। बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने को लेकर 5 आरोपियों ने एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर में सो रहे व्यक्ति की जेब टटोल रहे थे, तभी वह जाग गया और विरोध करने लगा। इस पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 4 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जूटमिल पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 साल थी। उसके सीने, कंधे और शरीर के दूसरे हिस्सों पर चोट के निशान मिले। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को मरच्युरी भेज दिया। अगले दिन डॉक्टरों की टीम से शव की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। इसमें हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने रविवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी अनिल सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम को जांच के लिए निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इनके जरिए घटना के समय और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
नाबालिग समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में 15 से 16 साल के कुछ लडक़े शामिल हो सकते हैं। लोगों ने भी घटना के दिन संदिग्ध लडक़ों को देखने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। मि_ूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई इलाके में दबिश देकर पुलिस ने राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19) और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पहले भी लूट की वारदात करते थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करते हैं। वे अक्सर कबाड़ चोरी करते थे और नशे में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर रात में अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाते थे। वे उनसे मोबाइल और पैसे लूट लेते थे। लूट से मिले पैसों को खाने-पीने में खर्च करते थे।
बिरयानी खाने के लिए लूटने पहुंचे थे
आरोपियों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 1 बजे सभी नशे में थे। इसी दौरान कुछ लडक़ों ने बिरयानी खाने की बात कही। पैसे जुटाने के लिए दो लडक़े बाइक से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे। उनके पीछे तीन अन्य लडक़े भी वहां पहुंच गए। वहां फल की दुकान के पास सडक़ किनारे खड़े ट्रक के पास एक व्यक्ति नशे की हालत में सो रहा था। आरोपियों ने उसकी जेब से पैसे और मोबाइल निकालने के लिए तलाशी शुरू कर दी।
विरोध करने पर चाकू से हमला किया
जेब टटोलने के दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। इसी बीच एक नाबालिग ने बटन वाले चाकू से उसके हाथ, सीने, जांघ और पीठ पर कई वार कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 700 रुपए निकाल लिए और आपस में बांट लिए।
बाइक और चाकू जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और बटन वाला चाकू जब्त किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 भी जोड़ दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने और रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की बात कही है। साथ ही मामले में अहम जानकारी देने वाले लोगों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
मृतक की नहीं हो सकी पहचान
पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों को तो पकड़ लिया है, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह ने बताया कि उसकी पहचान के लिए लगातार प्रयास जारी है, बहुत जल्द इसका भी खुलासा कर दिया जाएगा, फिलहाल उसके शव को मेडिकल कालेज अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।
टीम में ये रहे शामिल
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में प्रकरण का खुलासा करने में निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या बंजारे, वेदवती कुमेटी, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, लोमश राजपूत, आरक्षक नरेश रजक, सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का, शांति मिरी, परमानंद पटेल की भूमिका रही है।

