रायगढ़. जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पूंजीपथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17.650 टन स्क्रैप कबाड़ से लदे एक 12 चक्का ट्रक को पकड़ा है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक सीजी 13 एलए 2763 में स्क्रैप कबाड़ लोड कर परिवहन किया जा रहा है। इससे पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक के पास सडक़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और जांच की। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रमेश यादव, पिता डल्लू यादव, 45 वर्ष, निवासी रसूलपुर, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने चालक रमेश यादव से ट्रक में लदे स्क्रैप कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज की मांग की, लेकिन उसने कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे चोरी का माल होने के संदेह में पुलिस ने जब्ती कार्रवाई की। पुलिस ने 17.650 टन स्क्रैप कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपए है, तथा परिवहन में प्रयुक्त 12 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(क), 35(ड) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पूंजीपथरा पुलिस अवैध एवं संदिग्ध कबाड़ परिवहन पर लगातार निगरानी रख रही है और ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने का निर्णय किया है।
क्या कहते हैं एसएसपी
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कबाड़ के कारोबार से जुड़े सभी लोगों को वैध दस्तावेजों के साथ ही परिवहन एवं व्यापार करना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

