रायगढ़। चक्रधरपुर मंडल में अधोसंरचना विकास के लिए नॉन इंटरलाकिंग कार्य होना है, जिसके लिए त्यौहारी सीजन में ही अलग-अलग तिथियों में रेलवे विभाग द्वारा करीब 50 ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है, इससे दीपावाली में घर जाने वाले लोगों को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल स्थित झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में अधोसंरचना विकास के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है, यह कार्य 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। जिसको ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग ने मुंबई-हावड़ा मार्ग से गुजरने वाली 50 से अधिक यात्री ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का निर्णय लिया है, वहीं कई ट्रेनों को लेट से रवाना किया जाएगा तो कुछ ट्रेनों का रुट भी बदला जाएगा। इससे त्योहारी सीजन में सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इनमें कई महत्तवपूर्ण एक्सप्रेस और दुरंतो ट्रेनें भी शामिल हैं, जिन्हें रद्द किया गया है। रेलवे विभाग के अनुसार, 29 नवंबर और 1 से 16 दिसंबर तक ट्रेन नंबर (18109/18110) टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। हावड़ा से चलने वाली ट्रेन नंबर-12222 हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस 26 नवंबर, 3 व 12 दिसंबर को रद्द रहेगी, जबकि पुणे से चलने वाली ट्रेन नंबर 12221 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5 व 14 दिसंबर को रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर-18113 टाटा-बिलासपुर एक्सप्रेस 4, 5 तथा 7 से 15 दिसंबर तक और बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस (18114) 5, 6 तथा 8 से 16 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। इसके साथ ही ट्रेन नंबर 20822 संतरागांछी-पुणे एक्सप्रेस 5 व 12 दिसंबर तथा ट्रेन नंबर 20821 पुणे-संतरागांछी एक्सप्रेस 7 व 14 दिसंबर को रद्द रहेगी। इसके अतिरिक्त, चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस, सांतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी, रानी कमलापति-संतरागांछी, हटिया-पुणे-हटिया, शालीमार-भूंज-शालीमार, गया-एलटीटी-गया, हटिया-दुर्ग-हटिया, बक्सर-बिलासपुर-बक्सर, हैदराबाद-रक्सौल-हैदराबाद सहित दर्जनों अन्य एक्सप्रेस और हमसफर ट्रेनें भी विभिन्न तिथियों पर रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें। यह कार्य रेलवे की क्षमता बढ़ाने और भविष्य में बेहतर सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें
नॉन इंटरलाकिंग के चलते 28 नवम्बर, 05 एवं 07 से 14 दिसम्बर तक योगनगरी ऋषिकेश से चलने वाली 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया ईब-झारसुगुड़ा रोड-सम्बलपुर सिटी-अंगुल-कटक के रास्ते पुरी जाएगी। साथ ही 06 से 15 दिसम्बर तक पुरी से चलने वाली 18477 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया कटक-अंगुल-सम्बलपुर सिटी-झारसुगुड़ा रोड- ईब के रास्ते योगनगरी ऋषिकेश के लिए प्रस्थान करेगी।
बीच में समाप्त होने वाली गाडिय़ा
आधे रास्ते में भी कुछ ट्रेने समाप्त होगी, जिसमें प्रमुख रूप से 28 नवम्बर तथा 04 से 15 दिसम्बर तक आरा से चलने वाली ट्रेन नंबर-13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, राउरकेला स्टेशन में समाप्त होगी तथा राउरकेला-दुर्ग के मध्य रद्द रहेगी। साथ ही 29 नवम्बर तथा 05 से 16 दिसम्बर तक दुर्ग से चलने वाली ट्रेन नंबर-13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला स्टेशन से प्रारम्भ होगी तथा दुर्ग-राउरकेला के मध्य रद्द रहेगी। इसके साथ ही 14 दिसंबर को पुणे से रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 12129 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से रवाना होगी।

