घर के बाहर खड़ी बाइक में लगाई आग, पीडि़त युवक ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। शहर के बेलादुला में घर के बाहर खड़ी एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल अज्ञात कारणों से जल गई। वाहन मालिक संजय दास महंत ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर बाइक में आग लगाई है। घटना की रिपोर्ट पर चक्रधरनगर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त संजय दास महंत मूल रूप से सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के कोमो गांव का रहने वाला हैं। वर्तमान में वे रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बेलादुला स्थित मनोज पटनायक के किराए के मकान में रहते हुए एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं। उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी13 एएम 4145 उनके नाम पर पंजीकृत है। संजय ने पुलिस को बताया कि 21 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल मनोज पटनायक के किराए के मकान के बाहर खड़ी की थी। इसके बाद वे अपने कमरे में जाकर भोजन करने के बाद सो गए। 22 अक्टूबर की तडक़े करीब 4 बजे जब वे उठे और बाहर आकर देखा, तो उनकी मोटरसाइकिल पूरी तरह आग से जल चुकी थी। इस घटना के बाद संजय दास महंत ने आशंका व्यक्त की है कि यह एक सोची-समझी साजिश हो सकती है और किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनकी बाइक को आग के हवाले किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने की वास्तविक परिस्थितियां और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के संबंध में कुछ जानकारी मिल सके।

Share This Article